×
 

राम मंदिर ट्रस्ट में तीन नए ट्रस्टी नियुक्त, महेश भागचंदका, मदन मोहन और निर्मला यादव को मिली जिम्मेदारी

अयोध्या में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत तीन नए ट्रस्टी नियुक्त किए। बैठक में मंदिर के पहले सीईओ के नाम पर भी निर्णय संभावित है।

अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बुधवार को प्रशासनिक फेरबदल के तहत तीन नए ट्रस्टियों की नियुक्ति की। दिल्ली निवासी महेश भागचंदका, अयोध्या निवासी मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को ट्रस्ट में अहम जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों को लेकर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में चर्चा हुई।

बताया जा रहा है कि महेश भागचंदका, विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल के रिश्तेदार हैं। तीनों नई नियुक्तियों के अलावा ट्रस्ट में खाली पड़े अन्य पदों को भरने पर भी विचार किया जा रहा है।

बैठक अयोध्या में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आवास मणि राम दास छावनी में हो रही है। बैठक का सबसे अहम एजेंडा राम मंदिर ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ के नाम की घोषणा भी है।

और पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट को आज मिल सकता है पहला सीईओ, चार नामों पर चर्चा; 5,500 से ज्यादा लोगों ने किया था आवेदन

सीईओ मंदिर परिसर से जुड़े प्रशासनिक और परिचालन कार्यों की निगरानी करेंगे। इस पद के लिए पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय, पूर्व आईएएस अधिकारी दिनेश चंद्र और पूर्व आईपीएस अधिकारी परेश सक्सेना के नाम चर्चा में हैं। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में सामने आया है, हालांकि रिपोर्टों के मुताबिक उन्होंने साक्षात्कार में हिस्सा नहीं लिया।

ट्रस्ट ने अभी अंतिम रूप से तीन नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के आरोपों के बीच यह ट्रस्ट की तीसरी महत्वपूर्ण बैठक बताई जा रही है।

सीईओ के चयन के लिए 6 जुलाई को तीन सदस्यीय खोज समिति बनाई गई थी। इसमें सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावरे शामिल हैं। सीईओ पद के लिए कुल 5,585 लोगों ने आवेदन किया था, जिनमें से 3,570 उम्मीदवारों ने आवेदन प्रक्रिया पूरी कर फॉर्म वापस जमा किए थे।

और पढ़ें: राम मंदिर के पहले सीईओ के नाम पर बुधवार को लगेगी मुहर? चयन समिति ने तीन नाम किए शॉर्टलिस्ट

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share