डीयू छात्र राजनीति से दिल्ली की मुख्यमंत्री तक: जानिए रेखा गुप्ता का पूरा राजनीतिक सफर
रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से अपना सफर शुरू किया। डीयूएसयू अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने संगठन, निगम और विधानसभा की राजनीति में महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डीयूएसयू) से शुरू होकर दिल्ली की सत्ता तक पहुंचा है। डीयूएसयू को लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति की नर्सरी माना जाता है। अरुण जेटली, विजय गोयल और अजय माकन जैसे नेताओं की तरह रेखा गुप्ता ने भी छात्र राजनीति से अपनी पहचान बनाई।
हरियाणा में जन्म और दिल्ली में शिक्षा
रेखा गुप्ता का जन्म 19 जुलाई 1974 को हरियाणा के जींद जिले के जुलाना में हुआ। 1976 में उनका परिवार दिल्ली आ गया। दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में पढ़ाई के दौरान वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ीं और छात्र मुद्दों पर सक्रिय हुईं।
और पढ़ें: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 25 नई अटल कैंटीन शुरू कीं, दिल्ली में कुल संख्या 100 हुई
1994 में वह दौलत राम कॉलेज छात्र संघ की सचिव बनीं। इसके बाद 1995 में एबीवीपी के टिकट पर डीयूएसयू सचिव चुनी गईं। 1996 में उन्होंने डीयूएसयू अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। इस दौरान उन्होंने छात्र कल्याण, कैंपस सुधार और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
संगठन में बढ़ी जिम्मेदारी
2003 में उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा की दिल्ली इकाई का सचिव बनाया गया। 2004 से 2006 तक वह भाजयुमो की राष्ट्रीय सचिव रहीं। इसके बाद भाजपा में उनकी संगठनात्मक जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती गईं।
2007 और 2012 में वह उत्तर पीतमपुरा से निगम पार्षद चुनी गईं। 2022 में उन्होंने शालीमार बाग से निगम पार्षद के रूप में जीत दर्ज की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, सरकारी स्कूलों और स्थानीय नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर काम किया।
2009 में वह भाजपा दिल्ली महिला मोर्चा की महासचिव बनीं। 2010 में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य और केशवपुरम जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। 2014 में उन्हें भाजपा दिल्ली प्रदेश का महासचिव बनाया गया।
उन्होंने 2015 और 2020 में शालीमार बाग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों बार हार का सामना करना पड़ा। 2021 में वह भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा की प्रभारी बनीं।
2025 में विधानसभा और मुख्यमंत्री पद
2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग सीट से जीत हासिल की। भाजपा को बहुमत मिलने के बाद उन्हें दिल्ली का मुख्यमंत्री चुना गया। इसके साथ ही करीब 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी और रेखा गुप्ता राजधानी की मुख्यमंत्री बनीं।