रीवा हादसा: तेज रफ्तार ऑडी कार ने शादी के कार्ड बांट रहे परिवार को कुचला, तीन की मौत
रीवा में तेज रफ्तार ऑडी कार ने शादी के कार्ड बांट रहे परिवार की बाइक को टक्कर मारी। पिता, पुत्र और महिला रिश्तेदार की मौत, आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जब तेज रफ्तार ऑडी कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। यह भयावह दुर्घटना रीवा-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में हुई। मृतकों में पिता, पुत्र और उनकी एक महिला रिश्तेदार शामिल हैं, जो शादी के निमंत्रण पत्र बांटने जा रहे थे।
यह हादसा दोपहर करीब 3 बजे कोस्ता जिउला मोड़ के पास हुआ, जो रीवा से लगभग 20 किलोमीटर दूर है। जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय भगवत विश्वकर्मा, उनके बेटे शिवम विश्वकर्मा और उनकी रिश्तेदार शीतल विश्वकर्मा हनुमना से रीवा की ओर जा रहे थे। वे शिवम की आगामी शादी के निमंत्रण पत्र अपने रिश्तेदारों के घर बांटने निकलें थे। शिवम की शादी 24 फरवरी को होने वाली थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रीवा की ओर से आ रही एक काली ऑडी कार तेज रफ्तार में थी और उसने सामने से मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मोटरसाइकिल सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
और पढ़ें: नेपाल के बैतड़ी में बस खाई में गिरी, 13 की मौत और 30 से अधिक घायल
टक्कर के बाद ऑडी कार सड़क के डिवाइडर से जा टकराई, जिसके बाद उसमें सवार लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। मृतक गढ़-कटरा क्षेत्र के घूमा गांव के रहने वाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को बुलाया। रायपुर कर्चुलियान थाने के एएसआई पद्मेश मिश्रा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ऑडी कार में सवार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
और पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के रामबन में सड़क हादसा, सेना के जवान की मौत