×
 

DUSU की नई सचिव रिया छावड़ी कौन हैं? बास्केटबॉल खिलाड़ी से छात्र राजनीति तक का सफर

रिया छावड़ी ने DUSU सचिव पद पर जीत दर्ज की। बास्केटबॉल खिलाड़ी रिया ने महिला सुरक्षा, पीजी ऑडिट और कैंपस सुरक्षा को अपने कार्यकाल की प्रमुख प्राथमिकताएं बतायी हैं।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की रिया छावड़ी ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में सचिव पद पर जीत दर्ज की है। उन्होंने एनएसयूआई की नम्रता चौधरी को 6,781 वोटों के अंतर से हराया। रिया को 21,650 वोट मिले, जबकि नम्रता चौधरी को 14,869 वोट हासिल हुए।

जीत के बाद रिया ने कहा कि वह इस जीत से बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि एकमात्र महिला उम्मीदवार होने के नाते उनका प्रयास छात्रों के लिए पूरी क्षमता से काम करना होगा। रिया ने कहा कि छात्र संगठन का उद्देश्य राजनीतिक एजेंडे पर ध्यान देना नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करना है।

रिया ने महिला सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने के साथ पीजी आवासों के ऑडिट और कैंपस सुरक्षा पर भी काम किया जाएगा।

और पढ़ें: टेनिस कोर्ट से छात्र राजनीति तक, DUSU अध्यक्ष बने यश डबास की जानिए पूरी कहानी

रिया छावड़ी श्री अरबिंदो कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा हैं और इंटर-कॉलेज स्तर की बास्केटबॉल खिलाड़ी हैं। DUSU चुनाव के अंतिम परिणामों में एबीवीपी ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की, जबकि स्वतंत्र उम्मीदवार दीपांशु शौकीन उपाध्यक्ष चुने गए।

अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के यश डबास को 24,576 वोट मिले, जबकि एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा को 22,523 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह को 16,615 वोट मिले।

यश डबास उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के कंझावला के रहने वाले हैं और बौद्ध अध्ययन विभाग के छात्र हैं। एबीवीपी के अनुसार, वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी हैं और स्पेन, ऑस्ट्रेलिया तथा सर्बिया में आईटीएफ प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं।

और पढ़ें: DUSU चुनाव में ABVP का तीन पदों पर कब्जा, यश डबास अध्यक्ष और निर्दलीय दीपांशु शौकीन उपाध्यक्ष चुने गए

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share