रूस भारत को देगा 105 क्षेत्रीय विमान, पिनेकल एयर और एयर केरल समेत तीन कंपनियां खरीदार
रूस भारत की तीन विमानन कंपनियों को 105 आईएल-114-300 क्षेत्रीय विमान देगा। पिनेकल एयर को 50, एयर केरल को 20 और स्लीक एविएशन को 35 विमान मिलेंगे।
रूस भारत की क्षेत्रीय विमानन कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए भारतीय विमानन कंपनियों को कुल 105 आईएल-114-300 क्षेत्रीय विमान देने की तैयारी में है। नई दिल्ली में आयोजित इनोपरोम प्रदर्शनी से जुड़े समझौतों के तहत तीन भारतीय कंपनियों के साथ इन विमानों की आपूर्ति को लेकर करार किए गए हैं।
रूस की रोस्टेक स्टेट कॉरपोरेशन की इकाई यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन (यूएसी) प्रदर्शनी में आईएल-114-300 को पेश कर रही है। यह रूस में निर्मित टर्बोप्रॉप विमान है, जिसे क्षेत्रीय मार्गों और छोटे हवाई अड्डों से संचालन के लिए डिजाइन किया गया है। विमान कम लंबाई वाले रनवे और सीमित बुनियादी ढांचे वाले एयरपोर्ट से भी उड़ान भर सकता है।
पिनेकल एयर को मिलेंगे 50 विमान
तीनों समझौतों में सबसे बड़ा हिस्सा पिनेकल एयर का है। कंपनी को 50 आईएल-114-300 विमान मिलने की योजना है। यूएसी के अनुसार, यह विमान अधिकतम 68 यात्रियों को ले जाने में सक्षम है और पूरी यात्री क्षमता के साथ करीब 1,400 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है।
और पढ़ें: चीन के चिंगदाओ बंदरगाह पर कार्गो जहाज में भीषण आग, 25 लोगों की मौत; 5 घायल
एयर केरल को 20 विमान
एयर केरल को अधिकतम 20 आईएल-114-300 विमान दिए जाने की योजना है। इन विमानों का इस्तेमाल छोटे शहरों और क्षेत्रीय हवाई अड्डों को बड़े विमानन केंद्रों से जोड़ने के लिए किया जा सकता है। इससे क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
स्लीक एविएशन के साथ 35 विमानों का एमओयू
स्लीक एविएशन ने 35 अतिरिक्त विमानों के लिए यूएसी के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। इस तरह तीनों कंपनियों के साथ कुल 105 विमानों की योजना बनती है।
यूएसी ने भारत में उत्पादन के स्थानीयकरण और बिक्री के बाद सेवाओं समेत व्यापक सहयोग की संभावनाओं पर भी जोर दिया है। आईएल-114-300 को भारत की उड़ान योजना के तहत छोटे शहरों और कस्बों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए उपयुक्त बताया गया है।
यह विमान दो टीवी7-117एसटी-01 इंजनों से संचालित होता है और इसका डिजाइन इल्युशिन एविएशन कॉम्प्लेक्स ने तैयार किया है। रूस की यूएसी इकाइयां इसके विकास और उत्पादन में शामिल हैं।