×
 

यूपी चुनाव से पहले सपा का बड़ा ऐलान, स्त्री सम्मान समृद्धि योजना में महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने का वादा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं के लिए स्त्री सम्मान समृद्धि योजना का ऐलान किया है। पार्टी ने हर साल 40 हजार रुपये देने का वादा किया।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को लेकर बड़ा चुनावी ऐलान किया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू करने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वयस्क महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की पेंशन दी जाएगी। इस राशि में हर साल बढ़ोतरी भी की जाएगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाज की आधी आबादी के बिना विकास अधूरा है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। पार्टी का कहना है कि यह योजना महिलाओं को सम्मान, आर्थिक मजबूती और स्वतंत्रता देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।

महिलाओं के लिए समर्पित एंबुलेंस सेवा

अखिलेश यादव ने महिलाओं के लिए विशेष एंबुलेंस सेवा शुरू करने की भी बात कही। वहीं, मैनपुरी की सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि समाज में महिलाओं का सम्मान हमेशा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योजना के तहत महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और भविष्य में इस राशि में वृद्धि होती रहेगी।

और पढ़ें: अखिलेश यादव ने बताया परिवारवाद का फायदा, बोले- सपा में एक परिवार के पांच सांसद इसलिए नहीं टूटी पार्टी

छात्राओं को लैपटॉप देने का वादा

सपा प्रमुख ने कहा कि पिछली समाजवादी सरकार के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में लिए गए कई फैसले आज भी उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में इंटरमीडिएट पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप देकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार के समय दिए गए लैपटॉप आज भी कई लोगों के काम आ रहे हैं।

छात्रों को मिलेगा मुफ्त मेट्रो कार्ड

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर विश्वविद्यालयों और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को मुफ्त मेट्रो कार्ड दिए जाएंगे। उन्होंने बुजुर्गों के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने की भी बात कही।

भाजपा पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए टैबलेट वितरण योजना को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए नारी केवल नारा बनकर रह गई है। उन्होंने अगले विधानसभा चुनाव में महिला आरक्षण लागू करने की मांग भी उठाई।

अखिलेश ने कहा कि सरकार बनने पर छात्राओं को साइकिल भी दी जाएगी। साथ ही बंद किए गए करीब 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को दोबारा शुरू करने और आंगनवाड़ी व्यवस्था में सुधार का दावा किया।

और पढ़ें: कानपुर में दिनेश शर्मा का सपा पर हमला, बोले- अब पंडितों की याद आई, सनातनी घूंसा बनाने की जरूरत

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share