×
 

उदयपुर के श्री सांवलिया सेठ मंदिर में 40.81 करोड़ का रिकॉर्ड चढ़ावा, पिछले साल से 11 करोड़ ज्यादा

श्री सांवलिया सेठ मंदिर, उदयपुर में जून भंडार गणना में 40.81 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड चढ़ावा मिला। पिछले वर्ष से 11 करोड़ रुपये अधिक दान दर्ज किया गया, जिससे नया रिकॉर्ड बना।

राजस्थान के उदयपुर संभाग के चित्तौड़गढ़ जिले स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री सांवलिया सेठ मंदिर में जून महीने के भंडार की गणना पूरी हो गई है। इस बार मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा किया गया चढ़ावा एक नया रिकॉर्ड बनाते हुए 40.81 करोड़ रुपये से अधिक तक पहुंच गया है।

मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने जानकारी दी कि जून माह के भंडार की गणना कुल 7 चरणों में पूरी की गई। इस दौरान नकदी के साथ-साथ सोना-चांदी और ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त चढ़ावे की भी विस्तृत गिनती की गई। गणना में कुल 40 करोड़ 81 लाख 40 हजार 278 रुपये की राशि प्राप्त हुई।

इसमें भंडार से 33 करोड़ 15 लाख 18 हजार 759 रुपये और ऑनलाइन व भेंट कक्ष से 7 करोड़ 66 लाख 21 हजार 519 रुपये शामिल हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित 1 किलो 738 ग्राम 800 मिलीग्राम सोना और 110 किलो 648 ग्राम चांदी भी प्राप्त हुई है।

और पढ़ें: कटिहार में कोल्ड ड्रिंक कैरेट से मिले 5 देसी बम, मोहर्रम से पहले सनसनी और दहशत

पिछले वर्ष जून माह की तुलना में इस बार चढ़ावे में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले साल 24 जून 2025 को हुई गणना में कुल चढ़ावा लगभग 29.53 करोड़ रुपये था, जबकि इस वर्ष यह बढ़कर करीब 40.81 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यानी इस बार करीब 11.28 करोड़ रुपये अधिक दान प्राप्त हुआ है।

मंदिर मंडल के अनुसार, यह बढ़ोतरी श्रद्धालुओं की श्री सांवलिया सेठ के प्रति गहरी आस्था और विश्वास का प्रतीक है। हर महीने लाखों भक्त यहां दर्शन के साथ दान करते हैं, जिससे मंदिर का खजाना लगातार बढ़ रहा है।

भंडार गणना के दौरान मंदिर के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश चंद्र धाकड़, सदस्यगण, बैंक कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी शामिल थे। पूरी प्रक्रिया कड़ी निगरानी में पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई।

और पढ़ें: राबड़ी देवी को एक सप्ताह में सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस, नहीं मानने पर होगी कार्रवाई

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share