×
 

जयपुर में सरस दूध हुआ महंगा, कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी; पनीर, दही और लस्सी भी महंगी

जयपुर सरस डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, साथ ही पनीर, दही, छाछ और लस्सी भी महंगे हो गए हैं।

राजस्थान की राजधानी जयपुर में उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। जयपुर डेयरी ने सरस दूध और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह नई दरें आज से लागू हो गई हैं।

जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा घोषित संशोधित दरों के अनुसार अब सरस टोन्ड दूध (ब्लू पैकेट) 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जो पहले 54 रुपये था। इसी तरह सरस स्टैंडर्ड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि सरस गोल्ड दूध अब 68 रुपये की जगह 70 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा।

दूध के अलावा पनीर और दही की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। 200 ग्राम पनीर पैकेट अब 80 रुपये में मिलेगा, जो पहले 74 रुपये था। वहीं एक किलोग्राम पनीर का पैकेट 362 रुपये से बढ़कर 385 रुपये हो गया है।

और पढ़ें: कच्चा तेल $105 के पार, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की तैयारी; सरकार बना रही धीरे-धीरे बढ़ोतरी का प्लान

दही की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। 200 ग्राम दही अब 18 रुपये में मिलेगा जबकि पहले इसकी कीमत 16 रुपये थी। 400 ग्राम दही का पैक 32 रुपये से बढ़कर 36 रुपये हो गया है।

छाछ और लस्सी की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। सादी छाछ के पैकेट में 1 रुपये और नमकीन छाछ व लस्सी में 2 रुपये की वृद्धि की गई है।

इसी तरह बिहार की सुधा डेयरी ने भी दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो शुक्रवार से लागू होगी। वहीं अमूल और मदर डेयरी ने भी हाल ही में दूध की कीमतें बढ़ाई थीं।

डेयरी कंपनियों का कहना है कि दूध की खरीद लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है।

और पढ़ें: NEET पेपर लीक पर संसदीय समिति के सामने एनटीए प्रमुख का बड़ा बयान, लीक मानने से इनकार किया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share