सत्य निकेतन इमारत हादसा: पीजी मालिक हरिराम गुप्ता, बेटे और पत्नी गिरफ्तार
दिल्ली के सत्य निकेतन में पीजी इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने मालिक हरिराम गुप्ता, उसके बेटे महेश और पत्नी उर्मिला को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी इमारत गिरने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पीजी मालिक हरिराम गुप्ता को गिरफ्तार करने के साथ उसके बेटे महेश और पत्नी उर्मिला को भी हिरासत में लिया है। तीनों के खिलाफ दक्षिण कैंपस थाने में गैर इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और लोगों की सुरक्षा खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
हादसे में सात लोगों की मौत
दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण कैंपस के पास स्थित दशकों पुरानी पांच मंजिला इमारत में लड़कों के लिए पीजी संचालित किया जा रहा था। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत का काम चलने के दौरान इमारत अचानक ढह गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद अब तक 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि सात लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान अभी जारी है। दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार, दिल्ली नगर निगम और दिल्ली विश्वविद्यालय को नोटिस जारी किया। अदालत ने राजधानी में पीजी में रहने वाले छात्रों की संख्या और उन्हें उपलब्ध आवासीय सुविधाओं की जानकारी मांगी।
मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ ने कहा कि राजधानी में ऐसी घटनाएं हर दूसरे साल नहीं होनी चाहिए। अदालत ने अधिकारियों को मलबे में फंसे लोगों को बचाने के प्रयास तेज करने का निर्देश दिया। साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय से पूछा गया कि दाखिला लेने वाले कितने छात्रों को छात्रावास की सुविधा मिलती है।
पांच एमसीडी अधिकारी निलंबित
हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम ने पांच अधिकारियों को निलंबित किया है। इनमें दक्षिण क्षेत्र के उपायुक्त राकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता रणवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता ललित कुमार गोयल, सहायक अभियंता सुनील चौहान और कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार शामिल हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीजी समेत सार्वजनिक उपयोग वाली इमारतों के संरचनात्मक ऑडिट को अनिवार्य करने वाली नई नीति की घोषणा की है।
और पढ़ें: सत्य निकेतन हादसा: पीजी मालिक हरिराम गुप्ता राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार