कच्चे तेल की तेजी से शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1,248 अंक टूटा; निफ्टी 23,100 के नीचे
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली हुई। सेंसेक्स 1,248 अंक टूटा, निफ्टी 23,100 के नीचे बंद हुआ।
भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जोरदार बिकवाली देखने को मिली। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल, कमजोर वैश्विक संकेतों और रिलायंस इंडस्ट्रीज समेत दिग्गज कंपनियों तथा बैंकिंग शेयरों में बिकवाली ने बाजार पर दबाव बढ़ा दिया। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 1,247.71 अंक यानी 1.67 प्रतिशत गिरकर 73,580.54 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 383.70 अंक यानी 1.64 प्रतिशत टूटकर 23,063.10 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 29 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। बजाज फाइनेंस 5.47 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 4.67 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 4.06 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन 2.78 प्रतिशत, ट्रेंट 2.75 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.31 प्रतिशत टूटे। एनटीपीसी का शेयर अपरिवर्तित रहा।
105 डॉलर के पार पहुंचा ब्रेंट क्रूड
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.36 प्रतिशत उछलकर 105.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एनरिच मनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पोनमुडी आर. ने कहा कि वैश्विक बॉन्ड यील्ड में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी ने बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ाया।
और पढ़ें: शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 555 अंक टूटा, निफ्टी 23,200 के करीब
अमेरिका की 10-वर्षीय ट्रेजरी यील्ड करीब 5.11 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि 30-वर्षीय यील्ड 2004 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंची। इससे वैश्विक वित्तीय परिस्थितियों के सख्त होने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से आगे ब्याज दर बढ़ाए जाने की आशंका बढ़ी।
वैश्विक बाजारों में भी कमजोरी
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 225 बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि शंघाई का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे। यूरोपीय बाजार भी कमजोर कारोबार कर रहे थे। इससे पहले बुधवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।
एनएसई की बाजार में शानदार शुरुआत
इसी बीच नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) के शेयरों ने गुरुवार को बाजार में पदार्पण के दौरान करीब 2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की और 1,818 रुपये पर बंद हुए। कंपनी का बाजार मूल्यांकन करीब 4.49 लाख करोड़ रुपये रहा।
एनएसई के 22,569 करोड़ रुपये के आईपीओ को बोली के अंतिम दिन करीब छह गुना अभिदान मिला था। संस्थागत निवेशकों की मजबूत मांग से आईपीओ को समर्थन मिला।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि बढ़ती बॉन्ड यील्ड और कच्चे तेल में तेजी ने वैश्विक व्यापक आर्थिक जोखिमों को बढ़ाया है। घरेलू स्तर पर बैंकिंग और बीमा क्षेत्र भी कमीशन ढांचे की नियामकीय समीक्षा और मुनाफे पर संभावित असर से जुड़ी चिंताओं के कारण दबाव में रहे।
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 1,617.45 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 299.17 अंक बढ़कर 74,828.25 और निफ्टी 117.80 अंक चढ़कर 23,446.80 पर बंद हुआ था।
और पढ़ें: 23 सितंबर 2026 शेयर बाजार अपडेट: सेंसेक्स 100 अंक से ज्यादा चढ़ा, निफ्टी 23,350 के ऊपर