दिल्ली की जामा मस्जिद में शाही इमाम का रमज़ान इफ्तार, रजत शर्मा और रितु धवन सहित कई गणमान्य लोग शामिल
नई दिल्ली की जामा मस्जिद में शाही इमाम सैयद शाबान बुखारी ने रमज़ान इफ्तार का आयोजन किया। इसमें रजत शर्मा, रितु धवन, राजनयिकों और कई गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में एक विशेष इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की मेजबानी शाही इमाम सैयद शाबान बुखारी ने की, जिसमें राजनीति, मीडिया और कूटनीतिक जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा तथा मैनेजिंग डायरेक्टर रितु धवन भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इनके अलावा कई देशों के राजदूत और उच्चायुक्त भी इस इफ्तार समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया।
कार्यक्रम में आने वाले सभी मेहमानों का स्वागत सैयद शाबान बुखारी और शाजिया बुखारी ने गर्मजोशी से किया। इस खास मौके पर जामा मस्जिद परिसर को खूबसूरती से सजाया गया था। रोज़ा खोलने के समय मेहमानों को पारंपरिक व्यंजन परोसे गए और सभी ने मिलकर इफ्तार किया।
और पढ़ें: मोजतबा खामेनेई बने ईरान के नए सर्वोच्च नेता, अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे को मिली कमान
इस अवसर पर रजत शर्मा ने कहा कि रमज़ान के दौरान जामा मस्जिद में इफ्तार में शामिल होना उनके लिए एक महत्वपूर्ण और भावनात्मक परंपरा बन गया है। उन्होंने कहा कि रमज़ान का पवित्र महीना शांति, करुणा और भाईचारे का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
गौरतलब है कि रजत शर्मा और रितु धवन पिछले वर्ष भी शाही इमाम के इफ्तार समारोह में शामिल हुए थे। उस दौरान रजत शर्मा ने कहा था कि भारत की गंगा-जमुनी तहज़ीब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है और इसे बचाए रखने के लिए सभी को प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा था कि भारत की संस्कृति और विविधता को हमेशा फलते-फूलते रहना चाहिए।
और पढ़ें: ईरान में अमेरिकी जमीनी सेना भेजने के संकेत, डोनाल्ड ट्रंप बोले—जरूरत पड़ी तो कार्रवाई करेंगे