शहजाद पूनावाला ने भाजपा को फिर भेजा इस्तीफा, नितिन नबीन से स्वीकार करने की अपील
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने दोबारा इस्तीफा भेजकर नितिन नबीन से इसे स्वीकार करने का आग्रह किया। उन्होंने निजी और आर्थिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए निजी क्षेत्र में जाने की बात कही।
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा देने का अपना फैसला दोबारा सामने रखा है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया। 17 अगस्त को लिखे पत्र में पूनावाला ने कहा कि वह पहले भी पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे की पेशकश कर चुके थे, लेकिन पार्टी ने इसे स्वीकार नहीं किया था।
पूनावाला ने कहा कि लंबे विचार-विमर्श के बाद उन्होंने अब भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से हटने का अंतिम फैसला लिया है। उन्होंने अपने निर्णय के पीछे गंभीर व्यक्तिगत और आर्थिक परिस्थितियों को जिम्मेदार बताया। साथ ही कहा कि वह अब निजी क्षेत्र में जाने की योजना बना रहे हैं।
पहले भी दे चुके थे इस्तीफा
पूनावाला ने पत्र में 30 जुलाई 2026 को दिए अपने पिछले इस्तीफे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय पार्टी ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और उन्हें अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा था। हालांकि, काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने अपना फैसला कायम रखने का निर्णय लिया।
और पढ़ें: दिमागी नक्सली बयान पर सियासी घमासान, सुधांशु त्रिवेदी ने पी. चिदंबरम पर साधा निशाना
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नितिन नबीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया। पूनावाला ने कहा कि पार्टी की सक्रिय सदस्यता छोड़ने के बावजूद वह प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के विचारों तथा कार्यों का यथासंभव समर्थन करते रहेंगे।
उन्होंने अपने फैसले को “व्यक्ति या विचार” से अलग होकर “व्यवस्था” छोड़ने के रूप में बताया।
सोशल मीडिया पर साझा किया इस्तीफा
पूनावाला ने अपना इस्तीफा सोशल मीडिया पर भी साझा किया और भाजपा नेतृत्व से इसे औपचारिक रूप से स्वीकार करने का अनुरोध किया। उन्होंने पार्टी में मिले मार्गदर्शन, सम्मान और अवसरों के लिए आभार व्यक्त किया।
पूनावाला 2017 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे और बाद में पार्टी के प्रमुख टेलीविजन तथा सोशल मीडिया प्रवक्ताओं में शामिल हो गए। अब उनका इस्तीफा भाजपा नेतृत्व की औपचारिक स्वीकृति का इंतजार कर रहा है।