कर्नाटक नेतृत्व संकट पर दिल्ली में मंथन, कांग्रेस मुख्यालय में सिद्धारमैया-डीके शिवकुमार की अहम बैठक
कर्नाटक में नेतृत्व बदलाव और कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात की। बैठक में सत्ता संघर्ष और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन और कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मंगलवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। दोनों नेताओं की कांग्रेस हाईकमान के साथ अहम बैठक हुई, जिसमें लंबे समय से चल रहे सत्ता संघर्ष पर चर्चा की गई।
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कमरे में चल रही इस बैठक में राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार शामिल हुए। पिछले कई महीनों से डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद को लेकर “अच्छी खबर” का इंतजार कर रहे हैं।
हाल ही में सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद सिद्धारमैया ने 2028 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बड़े कैबिनेट फेरबदल की जरूरत बताई थी। इसी कारण कई मंत्री और विधायक भी दिल्ली पहुंचे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, 45 से ज्यादा विधायक और 10 से अधिक एमएलसी राजधानी में डेरा डाले हुए हैं। इनमें वे नेता भी शामिल हैं जो मंत्री पद की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस के कई नेताओं को चिंता है कि नेतृत्व विवाद का असर सरकार की कार्यशैली और पार्टी की छवि पर पड़ रहा है। नेताओं ने हाईकमान से जल्द समाधान निकालने की मांग की है ताकि 2028 चुनाव से पहले पार्टी मजबूत स्थिति में रह सके।
सिद्धारमैया ने कहा था कि उन्हें दिल्ली बैठक के लिए बुलाया गया है, लेकिन बैठक का एजेंडा उन्हें नहीं बताया गया। उन्होंने कहा, “केसी वेणुगोपाल ने फोन कर बैठक की जानकारी दी थी।”
वहीं डीके शिवकुमार ने भी पुष्टि की कि वह दिल्ली जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में नेतृत्व विवाद के अलावा कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीटों के आगामी चुनावों पर भी चर्चा हो सकती है, जिनमें कांग्रेस तीन सीटें जीतने की स्थिति में मानी जा रही है।