×
 

सीतापुर में गणेश पूजा के दौरान बड़ा हादसा, रेलिंग गिरने से दो महिलाओं की मौत

सीतापुर की पंजाबी धर्मशाला में गणेश पूजा के दौरान बारिश के पानी से रेलिंग और तिरपाल गिर गया। हादसे में दो महिलाओं की मौत और कई श्रद्धालु घायल हुए।

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बुधवार को गणेश उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पंजाबी धर्मशाला में गणेश पूजा और मंगल आरती की तैयारी के बीच बारिश के कारण रेलिंग और तिरपाल का ढांचा नीचे मौजूद श्रद्धालुओं पर गिर गया। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 30 से 35 श्रद्धालु घायल हुए हैं।

धर्मशाला के आंगन में गणपति का पंडाल बनाया गया था। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे आरती की तैयारी चल रही थी। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु वहां मौजूद थे। बारिश से बचने के लिए आयोजकों ने धर्मशाला के छज्जे से तिरपाल बांध रखा था। अचानक तेज बारिश शुरू होने के बाद तिरपाल पर पानी जमा होने लगा। पानी का वजन बढ़ने से तीसरी मंजिल की रेलिंग तिरपाल के साथ टूटकर नीचे गिर गई।

रेलिंग और छज्जे के मलबे की चपेट में आने से कई श्रद्धालु दब गए। हादसे के बाद पंडाल में चीख-पुकार और भगदड़ की स्थिति बन गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को मलबे से बाहर निकाला। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

और पढ़ें: आजमगढ़ में पत्नी और दो पुजारियों की हत्या करने वाला आरोपी मुठभेड़ में ढेर, बेटे की भी मौत

इलाज के दौरान 60 वर्षीय उमा कपूर की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कुछ श्रद्धालुओं को लखनऊ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान नीति मेहरोत्रा की भी मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार आठ घायलों की हालत गंभीर है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी राजा गणपति आर, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल और एडीएम आयुष चौधरी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जिला अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना। पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।

उधर, बलरामपुर नगर में गणेश विसर्जन के दौरान तेज डीजे की आवाज के बीच एक स्कूली छात्रा के बेहोश होने और बाद में उसकी मौत का मामला भी सामने आया है।

और पढ़ें: बलरामपुर में कक्षा दो की छात्रा की मौत, डीजे की तेज आवाज से बेहोशी के दावे पर पुलिस ने दी सफाई

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share