दांबुला में रोमांचक मुकाबला, सुपर ओवर में भारत ए को हराकर श्रीलंका ए ने दर्ज की शानदार जीत
दांबुला में खेले गए त्रिकोणीय श्रृंखला मैच में श्रीलंका ए ने भारत ए को सुपर ओवर में हराया। सदीरा समरविक्रमा की 93 रन की पारी जीत की आधार बनी।
दांबुला में खेली जा रही त्रिकोणीय श्रृंखला के चौथे मुकाबले में श्रीलंका ए ने भारत ए को सुपर ओवर में हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। मैच आखिरी गेंद तक रोमांच से भरपूर रहा और निर्धारित 50 ओवरों के बाद दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने के कारण नतीजा सुपर ओवर से निकाला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए ने 50 ओवर में 265 रन बनाए। टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। प्रभसिमरन सिंह ने 11 रन और वैभव सूर्यवंशी ने 21 रन बनाए। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 37 रन जबकि तिलक वर्मा ने 23 रन का योगदान दिया।
भारत की ओर से सबसे शानदार प्रदर्शन सूर्यांश शेडगे ने किया। उन्होंने मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए 66 गेंदों पर 72 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
और पढ़ें: श्रीलंका ए के खिलाफ नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, 21 रन बनाकर आउट हुए
श्रीलंका ए की ओर से मोहम्मद शिराज और विजयकांत वियासकांत ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं सहान अराच्चिगे, कुगाथास मतुलन और वनुजा सहान को एक-एक सफलता मिली।
266 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की शुरुआत भी साधारण रही। निरोशन डिकवेला ने 37 रन और अविष्का फर्नांडो ने 22 रन बनाए। हालांकि टीम को संकट से उबारने का काम सदीरा समरविक्रमा ने किया।
समरविक्रमा ने 113 गेंदों पर 93 रन की शानदार पारी खेली और टीम को मुकाबले में बनाए रखा। उनकी पारी की बदौलत श्रीलंका ए निर्धारित ओवरों में भारत ए के बराबर 265 रन बनाने में सफल रही, जिससे मैच टाई हो गया।
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ए ने 17 रन बनाए। जवाब में भारत ए के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे लक्ष्य हासिल नहीं कर सके। इसके साथ ही श्रीलंका ए ने रोमांचक अंदाज में जीत अपने नाम कर ली।
और पढ़ें: अर्शद खान के दम पर इंडिया A ने श्रीलंका A को हराया, रोमांचक मुकाबले में 8 रन से दर्ज की जीत