×
 

यूपी और बिहार में एसएससी जीडी परीक्षा कई केंद्रों पर रद्द, नई तारीखें जल्द होंगी जारी

यूपी और बिहार में एसएससी जीडी परीक्षा कई केंद्रों पर सीट क्षमता से अधिक उम्मीदवारों के कारण रद्द हुई। प्रयागराज में हंगामे और तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की जीडी कांस्टेबल परीक्षा उत्तर प्रदेश और बिहार के कई परीक्षा केंद्रों पर रद्द कर दी गई है। आयोग के अनुसार, सीटिंग क्षमता से अधिक उम्मीदवारों को बैठाए जाने के कारण यह फैसला लिया गया।

प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) और मुजफ्फरपुर (बिहार) सहित कई स्थानों पर परीक्षा प्रभावित हुई है। एसएससी ने कहा है कि सभी प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा की नई तारीखें जल्द जारी की जाएंगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों की परीक्षा रद्द हुई है, उन्हें आगामी निर्धारित तिथि पर परीक्षा देने का अवसर दिया जाएगा। सभी प्रभावित अभ्यर्थियों के नए एडमिट कार्ड एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उम्मीदवारों से नियमित रूप से वेबसाइट देखने की अपील की गई है।

और पढ़ें: बीजेडी को बड़ा झटका, राज्यसभा सांसद देवाशीष सामंतराय ने इस्तीफे के बाद भाजपा जॉइन की

वहीं, प्रयागराज के एक परीक्षा केंद्र पर तकनीकी कारणों से तीनों शिफ्ट की परीक्षा रद्द करनी पड़ी। यह केंद्र झूंसी (वाराणसी हाईवे के पास) स्थित सुनीता सिंह महिला महाविद्यालय में था।

इसी बीच प्रयागराज के अंडावा स्थित परीक्षा केंद्र पर उस समय हंगामा हो गया जब सीट क्षमता से अधिक उम्मीदवारों को बैठा दिया गया। स्थिति बिगड़ने पर कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़ कर दी, जिसमें कंप्यूटर, लैपटॉप, सीपीयू, कुर्सियां और अन्य फर्नीचर क्षतिग्रस्त हो गए।

सूत्रों के अनुसार, परीक्षा संचालन का जिम्मा बेंगलुरु की कंपनी एजुकीटी करियर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था। अंडावा केंद्र पर 650 कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध थे, लेकिन दूसरी शिफ्ट में 505 की जगह 1035 और तीसरी शिफ्ट में 495 की जगह 1034 उम्मीदवारों को बैठा दिया गया।

केंद्र प्रशासन के अनुसार, उम्मीदवारों के आवंटन की जानकारी सोमवार को मेल के जरिए प्राप्त हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने तोड़फोड़ और सड़क जाम में शामिल कुछ छात्रों को हिरासत में लिया है।

एसएससी ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई नियमों के अनुसार होगी।

और पढ़ें: दिल्ली जिमखाना क्लब पर जबरन कब्जे से इनकार, केंद्र ने हाईकोर्ट में दिया भरोसा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share