चंद्रनाथ रथ हत्याकांड पर बोले सुवेंदु अधिकारी, कहा- ममता बनर्जी को भवानीपुर में हराना ही बना हत्या की वजह
सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि चंद्रनाथ रथ की हत्या की वजह उनका निजी सहायक होना और भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार है। पुलिस जांच तेज कर दी गई है।
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने अपने निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस हत्या के पीछे एकमात्र कारण यह है कि चंद्रनाथ रथ उनके कार्यकारी सहायक थे और उन्होंने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराया था।
गुरुवार को बारासात अस्पताल पहुंचे सुवेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “चंद्रनाथ रथ की हत्या की वजह सिर्फ इतनी है कि वह मेरे कार्यकारी सहायक थे और मैंने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था। मैं अपनी सभी जिम्मेदारियां निभाऊंगा।”
सुवेंदु अधिकारी ने भरोसा जताया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल के डीजीपी से बातचीत की है और जांच एजेंसियों को कुछ अहम सुराग मिले हैं। उनके अनुसार, कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और पुलिस सही दिशा में जांच कर रही है।
और पढ़ें: केरल के अगले मुख्यमंत्री की दौड़ में केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला सबसे आगे
उन्होंने कहा कि सीआईडी, फॉरेंसिक टीम और विशेष जांच दल (एसआईटी) लगातार मामले की जांच में जुटे हैं। हालांकि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले पुलिस को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दिया जाता था।
जब उनसे तृणमूल कांग्रेस द्वारा सीबीआई जांच की मांग पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि अब टीएमसी की कोई प्रासंगिकता नहीं बची है और राज्य पुलिस ही इस मामले को सुलझाने में सक्षम है।
उधर, चंद्रनाथ रथ की कार चला रहे चालक बुद्धदेव बेरा की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उन्हें कई गोलियां लगी थीं और उनकी कई सर्जरी की गई है। फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती हैं।
गौरतलब है कि बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में बाइक सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। भाजपा ने इसे “सुनियोजित राजनीतिक हत्या” बताया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस घटना के बाद सुवेंदु अधिकारी की सुरक्षा बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। वर्तमान में उन्हें सीआरपीएफ की ‘जेड’ श्रेणी सुरक्षा प्राप्त है।
और पढ़ें: पंजाब के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जालंधर और फरीदकोट में मचा हड़कंप