खराब मौसम के कारण सुवेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की कोलाघाट में आपात लैंडिंग
खराब मौसम के कारण पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की कोलाघाट में एहतियाती लैंडिंग कराई गई। बाद में वे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की मंगलवार को खराब मौसम के कारण पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में आपात लैंडिंग कराई गई। अधिकारी कोलकाता के दमदम से पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर जा रहे थे, जहां उन्हें स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होना था।
अधिकारियों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर केशपुर की ओर बढ़ रहा था, तभी मौसम अचानक खराब हो गया। तेज बारिश और प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए पायलट ने सुरक्षा के मद्देनजर कोलाघाट के एक खुले मैदान में हेलीकॉप्टर उतारने का फैसला किया। हेलीकॉप्टर सुरक्षित रूप से जमीन पर उतर गया और किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
लैंडिंग के बाद सुवेंदु अधिकारी ने सड़क मार्ग से अपनी आगे की यात्रा पूरी की और केशपुर पहुंचकर निर्धारित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुवेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या की साजिश में दो गिरफ्तार
इस बीच, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या की कथित साजिश के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर सोनकर और उसके भाई साहिब सोनकर के रूप में हुई है। दोनों पहले रथ के सहयोगी के तौर पर काम कर चुके हैं।
अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि सागर सोनकर कथित तौर पर एक प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दल के स्थानीय कार्यालय के संपर्क में था। जांच एजेंसी ने उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच की है।
चंद्रनाथ रथ की छह मई को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के पास मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सीबीआई अब हत्या के पीछे की कथित राजनीतिक साजिश, अन्य संदिग्धों और हमले के मकसद की जांच कर रही है।