भारत का अनोखा रेलवे स्टेशन जहां गुजरते ही ट्रेनों की लाइट बंद हो जाती है
चेन्नई के पास तांबरम रेलवे स्टेशन पर न्यूट्रल सेक्शन के कारण लोकल ट्रेन की लाइट कुछ सेकंड के लिए बंद हो जाती है, जो एक तकनीकी प्रक्रिया है।
भारतीय रेलवे अपने आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और तेज रफ्तार नेटवर्क के लिए दुनियाभर में पहचान बना रहा है। लेकिन कुछ पुराने स्टेशन आज भी अपनी अनोखी विशेषताओं के कारण चर्चा में रहते हैं। ऐसा ही एक स्टेशन है तांबरम रेलवे स्टेशन, जहां ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही कुछ क्षणों के लिए उसकी लाइट बंद हो जाती है।
यह स्टेशन तमिलनाडु के चेन्नई के पास स्थित है। यह भारत का इकलौता स्टेशन है जहां यह अनोखी घटना होती है। हालांकि इसके पीछे कोई रहस्य नहीं, बल्कि तकनीकी कारण है।
क्यों बंद हो जाती है ट्रेन की लाइट?
तांबरम स्टेशन पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन में एक छोटा सा ‘न्यूट्रल सेक्शन’ मौजूद है। यह दो अलग-अलग पावर सप्लाई जोन के बीच का हिस्सा होता है, जहां कुछ सेकंड के लिए बिजली का प्रवाह नहीं रहता। जब लोकल ट्रेन एक पावर जोन से दूसरे में प्रवेश करती है, तो कुछ पल के लिए बिजली आपूर्ति रुक जाती है, जिससे डिब्बों की लाइट बंद हो जाती है।
और पढ़ें: एयरटेल का सबसे सस्ता 365 दिन वाला प्लान 1849 रुपये से शुरू, अनलिमिटेड कॉलिंग और SMS की सुविधा
हालांकि यह घटना केवल लोकल ट्रेनों के साथ होती है। एक्सप्रेस ट्रेनें अलग विद्युत आपूर्ति प्रणाली से संचालित होती हैं, इसलिए उनकी लाइट पर इसका असर नहीं पड़ता।
भारतीय रेलवे स्टेशनों की खासियत
भारत में कई रेलवे स्टेशन अपनी अनूठी पहचान के लिए प्रसिद्ध हैं। उदाहरण के तौर पर, मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस अपनी विक्टोरियन गोथिक वास्तुकला के लिए विश्वप्रसिद्ध है। वहीं लखनऊ का चारबाग रेलवे स्टेशन अपनी साउंडप्रूफ इंजीनियरिंग के लिए जाना जाता है।
तांबरम रेलवे स्टेशन की यह तकनीकी विशेषता यात्रियों को हैरान जरूर करती है, लेकिन यह पूरी तरह सुरक्षित और योजनाबद्ध प्रक्रिया का हिस्सा है।
और पढ़ें: होली पर दोपहर से चलेगी दिल्ली मेट्रो, डीएमआरसी ने जारी किया संशोधित समय