×
 
☰

तीस्ता नदी पर बनेगा छह लेन का पुल, केंद्र ने मंजूर किए 1,176 करोड़ रुपये

केंद्र ने पश्चिम बंगाल के सेवोक में तीस्ता नदी पर छह लेन पुल के लिए 1,176 करोड़ रुपये मंजूर किए। परियोजना से सिक्किम और पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

नॉर्थ-ईस्ट की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ी सड़क परियोजना को मंजूरी दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के सेवोक में तीस्ता नदी पर नए छह लेन के पुल के निर्माण के लिए 1,176 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

यह पुल राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (एनएच-10) पर बनाया जाएगा। एप्रोच रोड समेत परियोजना की कुल लंबाई करीब 6.9 किलोमीटर होगी। एनएच-10 सिलिगुड़ी को सिक्किम से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों में शामिल है। इस रास्ते से पर्यटन, व्यापार, स्थानीय आवागमन और माल ढुलाई के कारण बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं।

नए छह लेन के पुल से मौजूदा सड़क नेटवर्क पर यातायात का दबाव कम करने और वाहनों की आवाजाही के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे सिलिगुड़ी, सिक्किम और नॉर्थ-ईस्ट के अन्य राज्यों के बीच यात्रियों तथा माल के परिवहन को सुगम बनाने का लक्ष्य है। बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र के पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल सकता है।

और पढ़ें: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में बड़ी उपलब्धि, महाराष्ट्र में पहला स्टील ब्रिज लॉन्च

सिलिगुड़ी कॉरिडोर को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है। इसे अक्सर ‘चिकन नेक’ कहा जाता है, क्योंकि यह देश के बाकी हिस्सों को नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों से जोड़ने वाला संकरा भूमि मार्ग है। इस क्षेत्र में यातायात या मौसम संबंधी बाधा होने पर पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी प्रभावित हो सकती है।

तीस्ता पुल के अलावा केंद्र सरकार सड़क नेटवर्क के विस्तार के लिए कई अन्य परियोजनाओं पर भी काम कर रही है। इनमें करीब 61,500 करोड़ रुपये की लागत वाला 630 किलोमीटर लंबा सिलिगुड़ी-गुवाहाटी-शिलॉन्ग हाईवे कॉरिडोर शामिल है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सिलिगुड़ी तक एक्सप्रेसवे भी विकसित किया जा रहा है।

असम में करीब 4,700 किलोमीटर लंबाई की 265 सड़क परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, जिनकी कुल लागत लगभग 2 लाख करोड़ रुपये बताई गई है।

और पढ़ें: योगी सरकार ने 1,008 करोड़ रुपये के छह लेन चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे को दी मंजूरी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share