तेज प्रताप यादव ने निजी सहायक पर लगाया 20 लाख और कीमती सामान चोरी का आरोप, थाने में दर्ज कराई FIR
तेज प्रताप यादव ने अपने पीए मोतीलाल राय पर 20 लाख रुपये और कीमती सामान चोरी का आरोप लगाते हुए पटना के सचिवालय थाने में FIR दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है।
बिहार की राजनीति में एक नया विवाद सामने आया है। जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (पीए) मोतीलाल राय पर गंभीर चोरी का आरोप लगाया है और इस संबंध में सचिवालय थाना, पटना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शिकायत में कहा गया है कि 22 जून को उनके आवास की अलमारी से करीब 20 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए गए। तेज प्रताप यादव का दावा है कि यह राशि उनकी पार्टी फंड की थी।
इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके आवास से 2 तोला सोने की चेन, 1 सोने की अंगूठी, 4 पेन ड्राइव, 2 हार्ड डिस्क, 1 आईपैड, 1 मैकबुक लैपटॉप, 1 लेनोवो लैपटॉप और 4 आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन भी चोरी हुए हैं।
और पढ़ें: अखिलेश यादव का समर्थन नहीं करूंगा, 2027 में फिर लौटेगी योगी सरकार: तेज प्रताप यादव का बयान
तेज प्रताप यादव के अनुसार, रात लगभग 11:30 बजे उनके ड्राइवर अनिल यादव और उनके साथ रहने वाले विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर उनके आवास की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा। दोनों को इस घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है।
तेज प्रताप ने पुलिस से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
यह पहली बार नहीं है जब तेज प्रताप यादव विवादों में आए हैं। इससे पहले उन्होंने अपने पूर्व सहयोगी आकाश यादव और उनके परिवार के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ और उनके पिता लालू प्रसाद यादव के खिलाफ साजिश रची जा रही है।
उन्होंने दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है और उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री से सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की है।
और पढ़ें: भोजपुर एनकाउंटर विवाद: भरत भूषण तिवारी की मौत पर हंगामा, न्यायिक जांच के आदेश