तेलंगाना के नलगोंडा में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बस ने कार को मारी टक्कर; दो बच्चों समेत चार की मौत
तेलंगाना के नलगोंडा में तेज रफ्तार बस ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हुई, जबकि चालक घायल होकर अस्पताल में भर्ती है।
तेलंगाना के नलगोंडा जिले में रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चित्याल के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार, कार में सवार पांच लोग चेन्नई से हैदराबाद जा रहे थे। इसी दौरान विशाखापत्तनम से हैदराबाद की ओर जा रही एक निजी बस ने तेज रफ्तार में कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार चालक की पत्नी, उनके दो बच्चों और एक मित्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चला रहे व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
और पढ़ें: बाबर आज़म फिर बने पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान, वेस्टइंडीज़ दौरे के लिए पीसीबी ने किया ऐलान
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना का प्रभाव इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
इससे पहले 1 जुलाई को राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था। हरिद्वार से इंदौर जा रही एक यात्री बस ट्रक से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई थी। उस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी और 24 से अधिक यात्री घायल हुए थे। दुर्घटना के बाद पुलिस, दमकल और चिकित्सा टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया था। घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया था।
और पढ़ें: शोपियां में दूसरे दिन भी जारी आतंकवाद विरोधी अभियान, सीसीटीवी में बाग के बीच दिखे लश्कर के दो आतंकी