×
 

तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार टैंकर ने ऑटो को मारी टक्कर; 5 महिलाओं समेत 6 की मौत

तेलंगाना के संगारेड्डी में तेज रफ्तार टैंकर ने यू-टर्न ले रहे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हुई और छह घायल हैं।

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जहीराबाद मंडल के सतवार गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार टैंकर लॉरी ने यू-टर्न ले रहे ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय ऑटो में कुल 12 लोग सवार थे। सभी यात्री कर्नाटक के बीदर जिले के राजगेड़ा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार छह लोगों की मौके पर ही या अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रेखा, श्रीदेवी, कविता, रेशमा, निकिता और ऑटो चालक देवदास के रूप में हुई है। हादसे में घायल निर्मला, तुलजम्मा, चंद्रकला, राधिका, शिल्पा और शोभा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

और पढ़ें: 2028 से नई गाड़ियों में होगी वी2वी तकनीक, दुर्घटना से पहले मिलेगा खतरे का अलर्ट

बेंगलुरु-मैसूरु एक्सप्रेसवे पर भी हादसा

कर्नाटक में एक अलग सड़क दुर्घटना में केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस बेंगलुरु-मैसूरु एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसा शनिवार सुबह बिदादी के पास हुआ, जिसमें बस चालक और परिचालक की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए।

बिदादी बेंगलुरु से करीब 32 किलोमीटर दूर है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चालक के नियंत्रण खोने के बाद बस सड़क के बाईं ओर चली गई और पलट गई।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में चालक के वाहन चलाते समय झपकी लेने की आशंका सामने आई है। घायल यात्रियों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

दोनों हादसों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटनाओं से जुड़े अन्य तथ्य सामने आएंगे।

और पढ़ें: एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी ने रचा इतिहास, 136 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर बने लंकाशायर के सबसे युवा शतकवीर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share