तेलंगाना के सूर्यापेट में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई निजी बस; 6 यात्रियों की मौत, कई घायल
तेलंगाना के सूर्यापेट में 43 यात्रियों से भरी निजी इलेक्ट्रिक बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में छह लोगों की मौत हुई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।
तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब 43 यात्रियों को लेकर जा रही निजी इलेक्ट्रिक बस चलती हुई ट्रक से टकरा गई। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 5:20 बजे दुर्गापुरम स्टेज के पास हुई।
यह बस निजी परिवहन सेवा प्रदाता फ्रेश बस द्वारा संचालित की जा रही थी और हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी। इसी दौरान सूर्यापेट जिले के दुर्गापुरम के पास बस की एक चलते हुए ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जताया दुख
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सूर्यापेट सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए हरसंभव व्यवस्था सुनिश्चित करने और मृतकों के परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि हादसे में घायल सभी लोगों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। सरकार ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के इलाज पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
और पढ़ें: तेलंगाना की फार्मा यूनिट में रिएक्टर धमाका, दो कर्मचारियों की मौत; नौ घायल