×
 

ट्रंप ने फिर हार्मुज़ जलडमरूमध्य को बताया नया अमेरिकी क्षेत्र, ईरान से तनाव बढ़ा

डोनाल्ड ट्रंप ने फिर हार्मुज़ जलडमरूमध्य को अमेरिकी क्षेत्र बताया है। ईरान नियंत्रण छोड़ने को तैयार नहीं, जबकि जलमार्ग को लेकर अमेरिका और क्षेत्रीय देशों में तनाव बढ़ रहा है।

अमेरिका और ईरान तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर हार्मुज़ जलडमरूमध्य की तस्वीर साझा करते हुए इसे अमेरिकी क्षेत्र बताया है। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर एक नक्शा पोस्ट किया और उस पर लिखा, “नया अमेरिकी क्षेत्र, हार्मुज़ जलडमरूमध्य।”

ट्रंप ने इससे पहले 14 अगस्त को लॉन्ग आइलैंड में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि हार्मुज़ को जल्द ही अमेरिकी क्षेत्र घोषित किया जाएगा। इसके कुछ दिनों बाद 18 अगस्त को भी उन्होंने इसी तरह की तस्वीर साझा कर जलडमरूमध्य पर अमेरिका के दावे का संकेत दिया था।

होर्मुज़ जलडमरूमध्य लंबे समय से अमेरिका और ईरान के बीच विवाद का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है। दुनिया के कच्चे तेल के कारोबार का लगभग पांचवां हिस्सा इसी महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से होकर गुजरता है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि ईरान को इस जलमार्ग को दोबारा खोलना चाहिए, क्योंकि इसकी नाकाबंदी से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला बुरी तरह प्रभावित हुई है। वहीं, ईरान का कहना है कि होर्मुज़ पर उसका नियंत्रण बना रहेगा।

और पढ़ें: अमेरिकी जज ने ट्रंप के 75 देशों के नागरिकों पर वीजा प्रतिबंध को रद्द किया

ईरान ने ट्रंप के दावों की कड़ी आलोचना की है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रज़ाई ने कहा कि अमेरिका की जलडमरूमध्य को खोलने में असमर्थता और उस पर स्वामित्व के दावे के बीच बड़ा अंतर है।

इस बीच, ईरान ने होर्मुज़ से गुजरने वाले जहाजों के लिए सुरक्षित मार्ग को लेकर ओमान के साथ समझौता किया है। हालांकि, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि पूर्ण सुरक्षा तभी बहाल होगी, जब अमेरिका प्रतिबंध और नौसैनिक नाकाबंदी हटाएगा।

बघाई ने अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को क्षेत्र में असुरक्षा का कारण बताया। दूसरी ओर, ट्रंप ने ईरान के साथ समझौता करने को लेकर ओमान को चेतावनी दी है और सैन्य कार्रवाई की धमकी भी दी है।

ट्रंप ने ओमान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह रास्ते में बाधा बना, तो अमेरिका उसके खिलाफ कड़ी सैन्य कार्रवाई करेगा। ओमान ने फिलहाल ट्रंप की इस धमकी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

और पढ़ें: ट्रंप बोले- इस साल किम जोंग उन से करूंगा मुलाकात, क्या कोरियाई प्रायद्वीप में घटेगा तनाव?

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share