ट्रंप का दावा- अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूरा नियंत्रण, ईरान के साथ बढ़ा तनाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूरा नियंत्रण है। उन्होंने नौसैनिक नाकाबंदी को मजबूत बताते हुए ईरान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को दावा किया कि अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूरा नियंत्रण है और उनका देश इसे अपने नियंत्रण में बनाए रखेगा। ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच पर अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी की सफलता का दावा किया।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास होर्मुज जलडमरूमध्य का पूर्ण नियंत्रण है। उन्होंने अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को “स्टील की दीवार” बताते हुए कहा कि ईरान इसके खिलाफ कुछ नहीं कर सकता। ट्रंप ने ईरान की सैन्य क्षमता पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि उसके पास प्रभावी नौसेना या वायुसेना नहीं है और उसके बचे हुए सैनिकों को वेतन तक नहीं मिल रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के नेतृत्व की स्थिरता और देश की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और क्षेत्र में समुद्री गतिविधियां तेज हो गई हैं।
और पढ़ें: ट्रंप बोले- फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो को हटाना बहुत बड़ी गलती होगी
इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिकी सेना ने दावा किया था कि ओमान की खाड़ी में पनामा के झंडे वाले एक वाणिज्यिक जहाज ने ईरानी बंदरगाहों पर लगी अमेरिकी नाकाबंदी से बचने की कोशिश की। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, जहाज को रुकने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने निर्देश नहीं माना।
इसके बाद अमेरिकी हेलीकॉप्टर ने जहाज एमवी वेला नोवा के इंजन कक्ष पर मिसाइलें दागीं, जिससे जहाज निष्क्रिय हो गया। हालांकि, बयान में चालक दल के किसी सदस्य के हताहत होने की जानकारी नहीं दी गई।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि अब तक नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे 55 वाणिज्यिक जहाजों को वापस मोड़ा गया, तीन जहाजों को निष्क्रिय किया गया और दो पर सवार होकर जांच की गई। अरब सागर में अमेरिका के 15 से अधिक युद्धपोत तैनात हैं, जिनमें दो विमानवाहक पोत और एक उभयचर हमला पोत शामिल हैं।
और पढ़ें: तुर्की में ट्रंप की सुरक्षा को लेकर बड़ा खुलासा, कैटरिंग कंटेनर में छिपाकर बदला गया विमान