×
 

ट्रंप के गोल्फ कोर्स के पास हथियारों के साथ व्यक्ति गिरफ्तार, सुरक्षा एजेंसियों ने बढ़ाई सतर्कता

डोनाल्ड ट्रंप के गोल्फ कोर्स के पास हथियार और गोला-बारूद के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार हुआ। अधिकारियों ने सुरक्षा कड़ी करते हुए कहा कि फिलहाल जनता के लिए कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित गोल्फ कोर्स के पास हथियार और गोला-बारूद के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध ट्रंप के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहा था। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है, हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल आम जनता के लिए कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है।

लॉस एंजिलिस काउंटी शेरिफ विभाग ने आरोपी की पहचान 38 वर्षीय जीनिन जॉन टेले के रूप में की है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, उसे रैंचो पालोस वर्डेस स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ कोर्स के आसपास तस्वीरें और वीडियो बनाते हुए देखा गया था। इसी गोल्फ क्लब में दो दिन बाद रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के फंडरेज़िंग कार्यक्रम में राष्ट्रपति ट्रंप के शामिल होने का कार्यक्रम था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की जेब से 16 राउंड की गोलियों से भरी मैगजीन मिली, जबकि उसके वाहन से एक लोडेड पिस्तौल बरामद की गई। इसके बाद डाउनी स्थित उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से कई अन्य हथियार, बड़ी मात्रा में गोला-बारूद, मैगजीन, बॉडी आर्मर और कुछ नोटबुक बरामद हुईं। अधिकारियों के अनुसार, नोटबुक में कुछ चिंताजनक टिप्पणियां भी दर्ज थीं।

और पढ़ें: यूजीसी नेट उत्तर कुंजी में 36 दिनों की देरी, अभ्यर्थियों ने एनटीए से जल्द जारी करने की मांग की

आरोपी पर डकैती, बड़ी क्षमता वाली मैगजीन रखने, प्रतिबंधित हथियार रखने और वाहन में छिपाकर हथियार ले जाने सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने उसे ट्रंप के गोल्फ कोर्स से दूर रहने और किसी भी प्रकार का हथियार रखने पर रोक लगा दी है। उसकी जमानत 2.5 लाख अमेरिकी डॉलर तय की गई है।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब ट्रंप की सुरक्षा पहले से ही बेहद कड़ी है। वर्ष 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान उन पर दो बार जानलेवा हमले के प्रयास हुए थे। वहीं 2025 में फ्लोरिडा स्थित उनके गोल्फ कोर्स पर हमले की साजिश रचने के मामले में एक व्यक्ति को दोषी भी ठहराया गया था।

और पढ़ें: त्रिशा टिप्पणी मामले में रिहाई के बाद उदयनिधि स्टालिन का हमला, बोले- मेरे साथ आतंकवादी जैसा व्यवहार किया गया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share