×
 

डोनाल्ड ट्रंप का ईरान पर बड़ा बयान, कहा- परमाणु हथियार बनाने नहीं देंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बना सकता। उन्होंने दावा किया कि ईरान समझौते के लिए बेताब है और अमेरिका स्थिति नियंत्रित कर रहा है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अमेरिका किसी भी हालत में ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। उन्होंने दावा किया कि तेहरान अमेरिका के साथ समझौता करने के लिए “बेहद बेताब” है और इस पूरे मामले पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है।

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि समुद्री नाकेबंदी के कारण ईरान को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। ट्रंप ने कहा, “हम ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे। हम ऐसे लोगों से बात कर रहे हैं जो समझौता करना चाहते हैं। अब देखना यह है कि क्या वे हमारी शर्तों के मुताबिक समझौता कर पाते हैं या नहीं।”

उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी नौसेना ने “स्टील की दीवार” की तरह काम किया है और ईरान तक किसी भी तरह की आपूर्ति नहीं पहुंचने दी जा रही। ट्रंप के मुताबिक, “ईरान का कारोबार लगभग ठप हो चुका है। अगर वे अभी सहमत नहीं हुए तो जल्द ही होना पड़ेगा।”

और पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे, राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी कड़ी चेतावनी

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमता पूरी तरह कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ईरान के लड़ाकू विमान, रडार सिस्टम, मिसाइल क्षमता और वायु रक्षा प्रणाली बुरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं। ट्रंप ने यहां तक कहा कि “उनके सभी बड़े नेता मारे जा चुके हैं और मुझे लगता है कि हम जीत चुके हैं।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले 44 घंटों में ईरान के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है और जल्द समझौता होने की संभावना है। उन्होंने पोप लियो चौदहवें की टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि यदि ईरान परमाणु हथियार हासिल कर लेता है तो पूरी दुनिया खतरे में पड़ सकती है।

गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका लंबे समय से क्षेत्र में संघर्ष विराम बनाए रखने और परमाणु समझौते को लेकर बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई बड़ा समाधान सामने नहीं आया है।

और पढ़ें: कौन थे चंद्रनाथ रथ? वायुसेना के पूर्व जवान से बने सुवेंदु अधिकारी के भरोसेमंद सहयोगी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share