ट्रंप ने ईरान का सात दिन का युद्धविराम प्रस्ताव ठुकराया, मध्यावधि चुनाव के बाद हमले फिर शुरू करने की खबर
रिपोर्टों के अनुसार डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सात दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और परमाणु वार्ता की पेशकश की थी।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के सात दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को कथित तौर पर खारिज किए जाने की खबर है। शनिवार को अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि ट्रंप ने अपने सहयोगियों से कहा है कि वह नवंबर में होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान पर बमबारी फिर शुरू करने की योजना बना रहे हैं।
यह घटनाक्रम संयुक्त राष्ट्र महासभा में ट्रंप के हालिया बयान के बाद सामने आया है। 22 सितंबर को अपने भाषण में ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते और उसके भविष्य को लेकर कई विकल्पों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि उनके सामने यह फैसला करने का विकल्प है कि ईरान के साथ ऐसा समझौता किया जाए, जिससे वह दोबारा मजबूत बन सके या फिर इस्लामिक गणराज्य को नष्ट किया जाए।
इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने गुरुवार को बताया था कि ईरान ने पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के लिए सात दिन की योजना अमेरिका के सामने रखी है। मध्यस्थों के माध्यम से भेजे गए इस प्रस्ताव के तहत कुछ शर्तें पूरी होने पर सातवें दिन होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और इसके बाद ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर व्यापक बातचीत शुरू करने की बात कही गई थी।
और पढ़ें: शी जिनपिंग ने ट्रंप को चीन आने का न्योता दिया, बोले- हम जरूर आएंगे और खूब बातचीत करेंगे
अराघची ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि यह प्रस्ताव इस साल जून में अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते से मिलता-जुलता है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले समझौता हो जाना बेहतर होगा।
जर्मनी के विदेश मंत्री योहान वाडेफुल से मुलाकात के दौरान अराघची ने कहा कि ईरान ने कूटनीति आगे बढ़ाने के लिए अपनी शर्तें अमेरिका तक पहुंचा दी हैं। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा बहाल करने के लिए अमेरिकी हस्तक्षेप और सैन्य कार्रवाई समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने बातचीत में जून में हुए समझौते को लागू न कर पाने के लिए ट्रंप और अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि ईरान बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन अमेरिकी सैन्य कार्रवाई ने कूटनीतिक प्रक्रिया को प्रभावित किया।
और पढ़ें: ट्रंप के ऑटोपेन वाले मजाक पर ठहाके लगाने लगे शी जिनपिंग, व्हाइट हाउस का वीडियो वायरल