×
 

तिरुमला तिरुपति देवस्थानम घी मिलावट मामला: ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में कंपनी प्रमोटर को किया गिरफ्तार

ईडी ने टीटीडी घी मिलावट मामले में सुकृति फूड्स के प्रमोटर कैलाश चंद मंगला को पीएमएलए के तहत गिरफ्तार किया। जांच में मिलावटी सामग्री और कथित फर्जी रिकॉर्ड सामने आए।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) में कथित मिलावटी घी की आपूर्ति से जुड़े मामले में सुकृति फूड्स के प्रमोटर कैलाश चंद मंगला को गिरफ्तार किया है। ईडी ने शुक्रवार को उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित पीएमएलए विशेष अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

ईडी के हैदराबाद जोनल कार्यालय ने यह कार्रवाई तिरुपति ईस्ट पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई जांच के तहत की। एफआईआर में टीटीडी को मिलावटी घी की कथित फर्जी आपूर्ति के संबंध में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं।

जांच में सामने आया कि कथित मिलावटी घी तैयार करने के लिए रिफाइंड पाम ऑयल, पाम कर्नेल ऑयल, पामोलीन और एमजी-90, मोनोग्लिसराइड्स, मायवासेट सॉफ्ट 400 तथा एसिटिक एसिड एस्टर जैसे रसायनों का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद इसे एगमार्क स्पेशल ग्रेड काउ घी’ के नाम से टीटीडी को आपूर्ति किया गया।

और पढ़ें: पंजाब पुलिस को ईडी ने भेजे 7 पत्र, फिर भी ट्रांसफर रैकेट में एफआईआर नहीं; हाईकोर्ट में रखे दस्तावेज

ईडी के अनुसार, 2019 से 2024 के बीच टीटीडी को कथित तौर पर मिलावटी घी की आपूर्ति का कुल मूल्य करीब 230 करोड़ रुपये था। इसमें लगभग 96 करोड़ रुपये मूल्य का घी कैलाश चंद मंगला की कंपनी द्वारा तैयार किया गया था।

जांच एजेंसी का आरोप है कि मंगला ने मिलावटी सामग्री की खरीद और उत्पादन में मदद की तथा कई कंपनियों के माध्यम से घी की आपूर्ति कराई। उन्होंने घी और रिफाइंड पाम ऑयल की खरीद-बिक्री से संबंधित कथित फर्जी रिकॉर्ड भी तैयार किए।

इस मामले में ईडी इससे पहले भोले बाबा ऑर्गेनिक डेयरी मिल्क प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर और निदेशक विपिन जैन को भी गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की आगे की जांच जारी है।

और पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने 2022 के ऐतिहासिक पीएमएलए फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं के लिए पीठ का पुनर्गठन किया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share