फ्लाईदुबई विमान घटना की यूएई जांच करेगा, संभावित आतंकी गतिविधि के एंगल की भी होगी पड़ताल
यूएई ने फ्लाईदुबई विमान में हुई घटना की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में संभावित आतंकी गतिविधि, घटना की मंशा, पूर्व योजना और अन्य पहलुओं की पड़ताल होगी।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई घटना की जांच के आदेश दिए हैं। यह विमान बुधवार को घटना के बाद सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ दिया गया था। यूएई के अटॉर्नी जनरल काउंसलर डॉ. हमद अल शम्सी के निर्देश पर जांच शुरू की गई है।
यूएई के विदेश मंत्रालय के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की जांच के लिए सरकारी अभियोजन के विशेषज्ञ अधिकारियों की एक टीम गठित की जाएगी। जांच में ‘संभावित आतंकी गतिविधि’ समेत अन्य सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि उड़ान एफजेड1073 यूएई में पंजीकृत है और यूएई का ध्वज लेकर उड़ती है। इसलिए विमान में होने वाले अपराधों पर यूएई के कानून लागू होते हैं, भले ही घटना उसके क्षेत्र के बाहर हुई हो।
और पढ़ें: नेतन्याहू ने किया यूएई का गुप्त दौरा, राष्ट्रपति अल नाहयान से मुलाकात की खबर
मंत्रालय के अनुसार, जांच में घटना से जुड़े सभी हालात और संभावित उद्देश्यों का पता लगाया जाएगा। इसमें यह भी देखा जाएगा कि कथित हमले का आतंकवादी गतिविधि या किसी आतंकी मंशा से कोई संबंध था या नहीं और क्या घटना की पहले से योजना बनाई गई थी अथवा किसी ने इसके लिए निर्देश दिए थे।
यूएई ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर भरोसा करें और जांच पूरी होने तक अटकलों या अपुष्ट सूचनाओं को साझा करने से बचें। मंत्रालय ने घटना से निपटने में सहयोग के लिए सऊदी अरब के अधिकारियों का भी आभार जताया।
इस घटना में फ्लाईदुबई के भारतीय कप्तान स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्होंने कथित हमले के बावजूद विमान को सुरक्षित रूप से संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ओमानी सह-पायलट, जिस पर हमले का आरोप है, फिलहाल सऊदी अधिकारियों की हिरासत में है।
घटना के पीछे सह-पायलट की कथित मंशा अभी स्पष्ट नहीं हुई है। सऊदी अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और उन्हें इजराइल, अमेरिका तथा ओमान के अधिकारी भी सहयोग कर रहे हैं।
एक रिपोर्ट के अनुसार, जांच में आतंकवाद समेत विभिन्न संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, फिलहाल किसी भी कारण या मंशा को अंतिम रूप से स्थापित नहीं किया गया है और जांच जारी है।
और पढ़ें: कौन हैं प्लंबर यानिव हायून? फ्लाईदुबई विमान में संकट के दौरान संभाला कॉकपिट का नियंत्रण