उज्जैन के महिदपुर में जमीन विवाद के दौरान कांग्रेस नेता पर पिस्टल तानने और धमकी देने का आरोप
उज्जैन के महिदपुर में जमीन विवाद के दौरान कांग्रेस नेता प्रताप सिंह गुर पर पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप लगा है, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के महिदपुर क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। यहां कांग्रेस के एक नेता पर किसानों को पिस्टल दिखाकर धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है।
आरोप है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रताप सिंह गुर ने खेत से जुड़े विवाद के दौरान पिस्टल निकालकर लोगों को डराया।
शिकायतकर्ता गोविंद सेन (ग्राम डेलचीबुजुर्ग निवासी) ने बताया कि 18 जून की शाम वह अपने खेत पर भूसा भरने गए थे, तभी प्रताप सिंह गुर अपने दो साथियों के साथ पहुंचे और जेसीबी से खेत के पास खाई खुदवाने लगे। जब गोविंद सेन और उनके भाई ने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया।
और पढ़ें: इंदौर में जमीन हड़पने के लिए बुजुर्ग महिला को मृत घोषित करने का मामला, 13 लोगों पर धोखाधड़ी का केस
इसके बाद गोविंद सेन ने अपने परिवार को बुलाया। मौके पर पहुंचे परिजनों—दिनेश सेन, राजाराम सेन, मुन्नालाल सेन, कृष्णपाल सेन और लखन सेन—ने समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इसी दौरान प्रताप सिंह गुर ने कमर से पिस्टल निकालकर उन्हें धमकाया और कहा कि “जेसीबी यहीं चलेगी, नहीं तो जान से खत्म कर दूंगा।”
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, प्रताप सिंह गुर ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि यह जमीन नपती से जुड़ा विवाद है और उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश के तहत मामला दर्ज कराया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।