×
 

यूपी सरकार ने पेश किया 59,019.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट, हंगामे के बीच योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश सरकार ने विधानसभा में 59,019.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। हंगामे के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया।

उत्तर प्रदेश सरकार ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान वित्त वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया। भारी हंगामे के बीच पेश किए गए इस बजट में सरकार ने कुल 59,019.54 करोड़ रुपये के अतिरिक्त खर्च का प्रस्ताव रखा है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सदन में बजट पेश करते हुए बताया कि इसमें 17,399.50 करोड़ रुपये राजस्व व्यय और 41,620.04 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय के लिए प्रस्तावित किए गए हैं।

वित्त मंत्री ने बताया कि अनुपूरक बजट में 7,854.25 करोड़ रुपये के नए प्रस्ताव शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य का राजकोषीय घाटा निर्धारित सीमा के भीतर है। बजट में कई प्रमुख विभागों के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया गया है।

प्रस्तावित बजट में भारी और मध्यम उद्योगों के लिए 22,107.88 करोड़ रुपये, ग्रामीण विकास के लिए 17,942.73 करोड़ रुपये, ऊर्जा क्षेत्र के लिए 7,422.27 करोड़ रुपये, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 2,025 करोड़ रुपये, समाज कल्याण विभाग के लिए 1,655 करोड़ रुपये, महिला कल्याण विभाग के लिए 1,094.40 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग के लिए 700.01 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।

और पढ़ें: सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- भाजपा शासन में इटावा की बदली पहचान, खत्म हुआ डर का माहौल

विपक्ष के हंगामे पर सीएम योगी का हमला

बजट पेश किए जाने के दौरान विपक्षी दलों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर सदन में जमकर हंगामा किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष के रवैये पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से बच रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दे उठाने के बजाय सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है। लगातार हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

सपा विधायक सचिन यादव निलंबित

हंगामे के दौरान समाजवादी पार्टी के विधायकों के व्यवहार पर विधानसभा अध्यक्ष नाराज दिखाई दिए। इसके बाद सपा विधायक सचिन यादव को पूरे दिन के लिए सदन से निष्कासित कर दिया गया।

सदन स्थगित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश ने विधानसभा में विपक्ष का व्यवहार देखा है। यह आचरण न केवल सदन की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं के भी विपरीत है।

योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह गैर-तार्किक मुद्दे उठाकर माहौल को नकारात्मक और भ्रामक बनाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से जुड़े हर विषय पर जवाब देने के लिए तैयार है।

और पढ़ें: मैनपुरी में सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- गुंडाराज खत्म कर उत्तर प्रदेश को बनाया सुरक्षित

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share