×
 

यूपी पुलिस के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र, बने सम्मान पाने वाले पहले पुलिसकर्मी

यूपी एसटीएफ के शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को अदम्य साहस और बलिदान के लिए मरणोपरांत कीर्ति चक्र दिया गया। वह यह सम्मान पाने वाले यूपी पुलिस के पहले कर्मी हैं।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए ऐतिहासिक सम्मान की घोषणा की गई। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स यानी एसटीएफ के दिवंगत इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। वह यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले कर्मी बन गए हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने सोशल मीडिया मंच पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर इंस्पेक्टर सुनील कुमार को उनकी अदम्य वीरता और कर्तव्य के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान के सम्मान में भारत सरकार ने मरणोपरांत कीर्ति चक्र प्रदान किया है।

पुलिस के मुताबिक, सुनील कुमार को अपराधियों के खिलाफ एक अन्य साहसिक अभियान में असाधारण वीरता दिखाने के लिए वीरता पदक से भी सम्मानित किया गया है। पुलिस ने इसे पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के लिए ऐतिहासिक गौरव का क्षण बताया।

और पढ़ें: कानपुर में चोर की पुलिस ने निकाली परेड, हाथ जोड़कर मांगता रहा माफी

शामली मुठभेड़ में हुए थे गंभीर घायल

20 जनवरी 2025 को शामली में कुख्यात अपराधियों के साथ मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना मोर्चा संभाला था। इस कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान 22 जनवरी 2025 को उन्होंने अंतिम सांस ली और देश के लिए शहीद हो गए।

अनिल दुजाना के खिलाफ अभियान में भी दिखाई बहादुरी

इससे पहले 4 मई 2023 को मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में एसटीएफ की कार्रवाई के दौरान 66 मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी अनिल दुजाना घायल हुआ था और बाद में उसकी मौत हो गई थी। इस अभियान में असाधारण साहस दिखाने के लिए भी सुनील कुमार को स्वतंत्रता दिवस-2026 पर वीरता पदक से सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुल 78 वीरता पुरस्कारों की घोषणा की गई, जिनमें 13 पुरस्कार मरणोपरांत दिए गए हैं।

और पढ़ें: बागपत में पुलिस और मेरठ एसटीएफ की मुठभेड़, 50 हजार के इनामी बदमाश विपुल उर्फ खूनी ढेर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share