यूपी में चीनी का पर्याप्त भंडार, 28 लाख टन स्टॉक; मुख्यमंत्री योगी बोले- सात महीने की सप्लाई मौजूद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 28 लाख टन चीनी का भंडार है, जो राज्य की सात महीने की खपत पूरी करने के लिए पर्याप्त है।
देश में चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में चीनी के पर्याप्त भंडार की जानकारी दी है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है और राज्य के पास करीब सात महीने की खपत के बराबर स्टॉक मौजूद है।
राजधानी लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर महीने लगभग 4 लाख टन चीनी की खपत होती है। इसके मुकाबले राज्य के पास करीब 28 लाख टन चीनी का भंडार उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्टॉक राज्य की लगभग सात महीने की जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त है।
90 लाख टन अतिरिक्त चीनी उत्पादन की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में चीनी मिलों को 15 अक्टूबर से दोबारा शुरू करने की तैयारी है। मिलों के संचालन के बाद राज्य में करीब 90 लाख टन यानी 900 लाख क्विंटल अतिरिक्त चीनी का उत्पादन होने की उम्मीद है।
और पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे का हरिद्वार तक होगा विस्तार, 10,761 करोड़ रुपये की आएगी लागत
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर चीनी उत्पादन करने की क्षमता है। उन्होंने दावा किया कि राज्य न केवल अपनी करीब 25 करोड़ आबादी की जरूरतें पूरी करने में सक्षम है, बल्कि देश की लगभग 140 करोड़ आबादी की जरूरतों में भी योगदान दे सकता है।
और पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा फैसला, 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा