सहारनपुर में ध्वस्त मस्जिद के नीचे मिला कुआं, वीडियो सामने आया
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वस्त की गई मस्जिद के मलबे के नीचे करीब 20 फुट गहरा कुआं मिला। प्रशासन ने इसकी जांच के लिए तकनीकी टीमें बुलाने की बात कही।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वस्त की गई करीब 70 साल पुरानी मस्जिद के मलबे के नीचे रविवार को एक कुआं मिला। अधिकारियों के मुताबिक, यह कुआं लगभग 20 फुट गहरा और करीब डेढ़ मीटर चौड़ा है। मलबा हटाने के दौरान एक स्लैब दिखाई देने के बाद उसे कटर से काटा गया, जिसके नीचे यह कुआं मिला।
मस्जिद को शनिवार को सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण के मामले में बुलडोजर कार्रवाई के तहत गिराया गया था। यह अभियान करीब 16 घंटे तक चला। कार्रवाई के बाद रविवार को मलबा हटाने के दौरान कुएं का पता चला।
कुएं की जानकारी मिलने के बाद सदर उपजिलाधिकारी सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को इसकी जानकारी दी, ताकि कुएं की प्राचीनता और इतिहास का पता लगाया जा सके। एसडीएम ने कहा कि तकनीकी टीमें और संबंधित एजेंसियां मौके की जांच करेंगी। प्रारंभिक निरीक्षण में संरचना ईंटों से बनी हुई कुएं जैसी दिखाई दे रही है। जांच के बाद ही इसके बारे में पूरी जानकारी सामने आएगी।
और पढ़ें: सहारनपुर कलेक्ट्रेट की मस्जिद गिराए जाने पर ओवैसी का सरकार पर हमला, धार्मिक आजादी पर उठाए सवाल
मस्जिद गिराए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और एआईएमआईएम ने कार्रवाई का विरोध किया है। यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश और बाद में जिला अदालत के फैसले के बाद की गई थी। जिला न्यायाधीश सत्येंद्र कुमार ने मुस्लिम पक्ष की याचिका खारिज करते हुए 16 जुलाई 2026 के सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश को बरकरार रखा था।
समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल 7 सितंबर को सहारनपुर पहुंचकर कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण करेगा। इसमें कई सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मस्जिद गिराए जाने की आलोचना की है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी प्रशासन पर जल्दबाजी का आरोप लगाते हुए मामला सुप्रीम कोर्ट ले जाने की बात कही है।
और पढ़ें: हथिनीकुंड बैराज पर सेना के अभ्यास के दौरान यमुना में बहे जवान का शव सहारनपुर में मिला