पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल 2026: बीजेपी को बढ़त, TMC को बड़ा झटका
पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलती दिख रही है। टीएमसी को नुकसान का अनुमान है, जबकि अंतिम परिणाम 4 मई को मतगणना के बाद स्पष्ट होंगे।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने लगे हैं, जो राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत दे रहे हैं। सभी 294 सीटों पर दो चरणों में मतदान संपन्न हुआ, जिसमें पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग हुई, जबकि दूसरे चरण में शेष 142 सीटों पर मतदान कराया गया।
इस बार चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच रहा। व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और केंद्रीय बलों की तैनाती के चलते चुनाव अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अब सबकी नजरें एग्जिट पोल के अनुमानों पर टिकी हैं।
एग्जिट पोल के अनुसार, बीजेपी इस चुनाव में बढ़त बनाती नजर आ रही है और उसे 146 से 161 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, टीएमसी को 125 से 140 सीटों के बीच सिमटने का अनुमान जताया गया है। अन्य दलों को मिलाकर 6 से 10 सीटें मिलने की संभावना है।
और पढ़ें: ममता के हाथ से फिसल रहा बंगाल: लोकसभा सांसद लॉकेट चटर्जी को भाजपा की जीत का भरोसा
वोट शेयर के मामले में भी बीजेपी आगे दिखाई दे रही है। एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को लगभग 42.5 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है, जबकि टीएमसी को करीब 40.8 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। अन्य दलों का संयुक्त वोट शेयर लगभग 16.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
हालांकि, यह केवल एग्जिट पोल के आंकड़े हैं और अंतिम परिणाम 4 मई को मतगणना के बाद ही स्पष्ट होंगे। फिर भी इन अनुमानों ने राज्य की सियासत में हलचल तेज कर दी है और संभावित सत्ता परिवर्तन को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
और पढ़ें: फाल्टा सीट पर ब्लॉक वोट विवाद, भाजपा की पुनर्मतदान मांग पर चुनाव आयोग सख्त