व्हाट्सऐप के नए यूज़रनेम फीचर पर सरकार की नजर, फर्जी पहचान और धोखाधड़ी की आशंका
व्हाट्सऐप के नए यूज़रनेम फीचर पर सरकार ने फर्जी पहचान और धोखाधड़ी की आशंका जताई। यह फीचर फोन नंबर छिपाकर चैटिंग और बेहतर प्राइवेसी देने के लिए लाया जा रहा है।
मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप अपने नए यूज़रनेम फीचर को लॉन्च करने की तैयारी में है, जिससे उपयोगकर्ता बिना अपना मोबाइल नंबर साझा किए दूसरों से जुड़ सकेंगे। मेटा के स्वामित्व वाला यह ऐप पहले ही यूज़रनेम रिजर्वेशन की सुविधा शुरू कर चुका है, ताकि उपयोगकर्ता अपनी पसंद का यूज़रनेम सुरक्षित कर सकें।
हालांकि, इस फीचर को लेकर सरकार ने गंभीर चिंता जताई है। सूत्रों के अनुसार, सरकार इस बात की समीक्षा कर रही है कि क्या यह नया सिस्टम फर्जी पहचान (इम्पर्सनेशन) और ऑनलाइन धोखाधड़ी के खतरे को बढ़ा सकता है। अधिकारियों का मानना है कि इससे कुछ लोग गलत पहचान बनाकर उपयोगकर्ताओं को गुमराह कर सकते हैं या गलत जानकारी फैला सकते हैं।
व्हाट्सऐप का कहना है कि यह फीचर खासतौर पर प्राइवेसी को मजबूत करने के लिए बनाया गया है, खासकर तब जब लोग पहली बार किसी ग्रुप या नए व्यक्ति से जुड़ते हैं। फीचर लागू होने के बाद यूज़र अपने यूज़रनेम के जरिए बातचीत कर सकेंगे, जिसमें उनका फोन नंबर दिखाई नहीं देगा।
और पढ़ें: कुणाल शाह ने CRED से हटकर WhatsApp की वैश्विक कमान संभाली, मीतन सम्पत बने अंतरिम सीईओ
कंपनी के अनुसार, उपयोगकर्ता सेटिंग्स में जाकर अकाउंट सेक्शन के अंदर यूज़रनेम विकल्प से अपना नाम चुन सकते हैं। इसके लिए एक यूज़रनेम जनरेटर भी उपलब्ध कराया गया है, जो उपलब्ध और यूनिक नाम सुझाएगा।
व्हाट्सऐप ने यह भी बताया कि 3 अरब से अधिक यूज़र्स को देखते हुए पहले से रिजर्वेशन शुरू किया गया है, ताकि लोग अपनी पसंद का नाम सुरक्षित कर सकें। साथ ही, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर मौजूद यूज़रनेम को भी एक जैसा रखने की सुविधा दी जाएगी।
कंपनी ने यह साफ किया है कि कोई सार्वजनिक डायरेक्टरी नहीं होगी, जिससे कोई भी यूज़र सर्च कर सके। संपर्क करने के लिए सही यूज़रनेम जानना जरूरी होगा। अतिरिक्त सुरक्षा के लिए एक वैकल्पिक यूज़रनेम की (key) भी दी जाएगी, जिससे संदेश नियंत्रण बेहतर होगा।
यह फीचर आने वाले महीनों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और यूज़र्स को इन-ऐप नोटिफिकेशन के जरिए जानकारी दी जाएगी।
और पढ़ें: तमिलनाडु में विजय सरकार गिराने की कथित साजिश का खुलासा, 35 करोड़ रुपये की पेशकश का आरोप