कौन हैं नामग्या सी खम्पा? भारत की ओर से ट्रंप के बोर्ड ऑफ पीस बैठक में शामिल होने वाली वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी
2000 बैच की आईएफएस अधिकारी नामग्या सी खम्पा ने वाशिंगटन में ट्रंप के बोर्ड ऑफ पीस की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व किया, वर्तमान में दूतावास में प्रभारी प्रमुख हैं।
भारत ने 19 फरवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की पहली बैठक में ‘पर्यवेक्षक’ के रूप में भाग लिया। इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व नामग्या चोडेन खम्पा ने किया, जो वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास में कार्यवाहक राजदूत (चार्ज द’अफेयर्स) के पद पर तैनात हैं।
भारत इससे पहले 22 जनवरी को दावोस में आयोजित लॉन्च कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ था, जहां डोनाल्ड ट्रंप ने ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की औपचारिक घोषणा की थी। यह पहल गाजा में दीर्घकालिक स्थिरता और वैश्विक विवादों के समाधान के उद्देश्य से शुरू की गई है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, नामग्या सी खम्पा वर्ष 2000 बैच की भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी हैं। फरवरी 2026 तक वे वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास में चार्ज द’अफेयर्स और उप मिशन प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। राजदूत की अनुपस्थिति में वे मिशन का नेतृत्व करती हैं और भारत-अमेरिका कूटनीतिक संबंधों के महत्वपूर्ण पहलुओं का प्रबंधन संभालती हैं।
और पढ़ें: ह्यूमन राइट्स वॉच की चेतावनी: अमेरिका तानाशाही की ओर बढ़ रहा
इससे पहले वे केन्या में भारत की उच्चायुक्त रह चुकी हैं और नैरोबी में तैनाती के दौरान सोमालिया में भारत की राजदूत के रूप में भी अतिरिक्त प्रभार संभाला था। उन्होंने नेपाल के काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास में उप मिशन प्रमुख के रूप में भी कार्य किया है।
नामग्या खम्पा चीन में दो बार भारतीय मिशन में तैनात रहीं (2002-2006 और 2013-2016)। 2009 से 2013 तक वे न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में कार्यरत थीं और संयुक्त राष्ट्र की प्रशासनिक एवं बजटीय सलाहकार समिति की सदस्य भी चुनी गई थीं।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संबंधों में मास्टर्स और एमफिल की डिग्री प्राप्त की है और विदेश मंत्रालय में अमेरिका, श्रीलंका व म्यांमार डिवीजन का दायित्व भी संभाला है।
और पढ़ें: ग्रीनलैंड पर तत्काल बातचीत की मांग, लेकिन बल प्रयोग से इनकार: ट्रंप