कांवड़ यात्रा में अनुशासन बनाए रखें, हुड़दंग से विरोधियों को मिलेगा मौका: सीएम योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों से अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हुड़दंग की घटनाओं का विरोधी कांवड़ यात्रा को बदनाम करने में इस्तेमाल कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से अनुशासन, धैर्य और मर्यादा बनाए रखने की अपील की है। शुक्रवार को शामली में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर किसी भी प्रकार का हुड़दंग नहीं होना चाहिए, क्योंकि विरोधी ऐसे घटनाक्रमों का इस्तेमाल कांवड़ यात्रा की छवि खराब करने के लिए कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी कांवड़ संघों से आग्रह करते हुए कहा, "हम सभी भगवान श्रीराम के वंशज, भगवान श्रीकृष्ण के अनुयायी और भगवान भोलेनाथ के भक्त हैं। हमें श्रीराम की मर्यादा, श्रीकृष्ण की लीला और भगवान शिव की समरसता से प्रेरणा लेकर यात्रा को शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से पूरा करना चाहिए।"
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धैर्य और अनुशासन जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अनुशासनहीनता या हंगामा होता है तो विरोधी उसे रिकॉर्ड कर कांवड़ यात्रा के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और उनकी आस्था के सम्मान के लिए हर संभव व्यवस्था कर रही है, लेकिन श्रद्धालुओं की भी जिम्मेदारी है कि वे मर्यादा का पालन करें।
और पढ़ें: फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर, इटावा एसओजी के दो जवान घायल
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए हंगामे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले "जय श्रीराम" के नारे लगाने वालों पर लाठियां चलाई जाती थीं, कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाने की कोशिश होती थी। उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार सभी आस्थाओं का सम्मान करते हुए धार्मिक आयोजनों को सुरक्षा और सहयोग प्रदान कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शामली में 581 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए कुल 2,452 करोड़ रुपये की 255 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए उन्होंने कहा कि ये योजनाएं क्षेत्र के विकास और 'विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प को नई मजबूती देंगी।