मनुस्मृति पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर योगी का हमला, बोले- राष्ट्रविरोधी तत्वों को बढ़ावा देते हैं
योगी आदित्यनाथ ने मनुस्मृति पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने भारतीय परंपराओं और विरासत के अपमान तथा राष्ट्रविरोधी तत्वों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मनुस्मृति को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी पर तीखा हमला बोला है। रायबरेली में स्वतंत्रता सेनानी राणा बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में योगी ने कहा कि देश को राहुल गांधी से ज्यादा अपेक्षाएं नहीं हैं, लेकिन संसद में विपक्ष के नेता होने के नाते उनसे लोकतंत्र के प्रति जवाबदेही की उम्मीद जरूर की जाती है।
योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी की उस टिप्पणी का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र में महिलाओं से मनुस्मृति की बेड़ियों से बाहर निकलने की बात कही थी। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि क्या भारत की परंपराओं और विरासत की आलोचना करना राहुल गांधी अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने कई बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की सांस्कृतिक विरासत को बदनाम किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से बाहर जाने पर राहुल राज्य की आलोचना करते हैं और विदेश जाने पर भारत का अपमान करते हैं। योगी ने आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई के संदर्भ में भी राहुल गांधी पर राष्ट्रविरोधी तत्वों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित करने का आरोप लगाया।
और पढ़ें: रक्षाबंधन पर योगी सरकार का तोहफा, 27 से 29 अगस्त तक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा
योगी ने कांग्रेस पर भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस के लोकतांत्रिक रिकॉर्ड पर सवाल खड़े किए।
मनु और भारतीय परंपरा के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को अथर्ववेद, शतपथ ब्राह्मण और मत्स्य पुराण पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इन ग्रंथों में मनु से संबंधित जानकारी मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भारतीय सेना सीमा पर दुश्मनों से मुकाबला करती है, तब कांग्रेस के नेता सैनिकों से सबूत मांगते हैं।
कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बने राणा बेनी माधव बख्श सिंह के नाम वाले सभागार का उद्घाटन किया। उन्होंने उनके सम्मान में डाक टिकट जारी किया और स्मारिका का भी विमोचन किया।