×
 
☰

प्रयागराज में अतीक अहमद की कथित कब्जे वाली जमीन पर बनेंगे 602 फ्लैट, 15 अक्टूबर को सीएम योगी करेंगे भूमिपूजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 अक्टूबर को प्रयागराज में 602 फ्लैटों वाली पद्म लोक अपार्टमेंट परियोजना का भूमिपूजन करेंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना के 556 लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 अक्टूबर को प्रयागराज में पद्म लोक अपार्टमेंट परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। यह आवासीय परियोजना कसारी-मसारी इलाके की उस सरकारी जमीन पर बनाई जाएगी, जिसे माफिया अतीक अहमद और उसके सहयोगियों के कथित कब्जे से मुक्त कराया गया था। परियोजना के तहत कुल 602 फ्लैट बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के 556 लाभार्थियों को आवासों की चाबियां भी सौंपेंगे। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा का अनावरण और मतदाता सम्मेलन सहित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

14 मंजिला इमारत में होंगे 602 फ्लैट

प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव विनीत कुमार सिंह के अनुसार, पद्म लोक अपार्टमेंट का निर्माण कसारी-मसारी में लगभग 9,811.35 वर्ग मीटर जमीन पर प्रस्तावित है। 14 मंजिला इमारत में दो बेडरूम, हॉल और किचन वाले 602 फ्लैट बनाए जाएंगे। प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल 56.45 वर्ग मीटर होगा।

और पढ़ें: इलाहाबाद हाईकोर्ट का आदेश, यूपी में तीन महीने के भीतर हों पंचायत चुनाव; निवर्तमान प्रधान संभालेंगे प्रशासन

परियोजना में पार्किंग, वर्षा जल संचयन और सौर ऊर्जा प्रणाली जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त स्विमिंग पूल, सामुदायिक भवन और व्यावसायिक परिसर भी विकसित किए जाने की योजना है।

556 लाभार्थियों को मिलेंगी आवास की चाबियां

योगी आदित्यनाथ पिपलगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों के 556 लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने अप्रैल 2025 में लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया था।

स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री तेलियरगंज चौराहे पर स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक विचारक महाशय मसीरिया दीन पासी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। वह उनके परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। मसीरिया दीन पासी ने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी काम किया था।

मतदाता सम्मेलन को करेंगे संबोधित

योगी आदित्यनाथ राजकीय प्रेस मैदान में शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसमें इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के दस जिलों से मतदाताओं के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है।

और पढ़ें: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से हटे 2 करोड़ से ज्यादा नामों की दोबारा होगी जांच

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share