अलवर में पेट्रोल के पैसे मांगने पर सेल्समैन पर फायरिंग, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के अलवर में पेट्रोल के 898 रुपये मांगने पर युवक ने सेल्समैन पर देसी कट्टे से गोली चला दी। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया।
राजस्थान के अलवर जिले में पेट्रोल के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां सदर थाना क्षेत्र के बुर्जा बाइपास स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर एक युवक ने सेल्समैन पर देसी कट्टे से फायर कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे करीब एक घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह हुई। पेट्रोल पंप संचालक अमन अग्रवाल ने बताया कि एक बाइक सवार युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर पेट्रोल पंप पर पहुंचा था। उसने अपनी बाइक में 898 रुपये का पेट्रोल भरवाया। जब पेट्रोल भरने के बाद सेल्समैन ने उससे भुगतान करने को कहा तो युवक ने पैसे देने से इनकार कर दिया।
सेल्समैन द्वारा दोबारा रुपये मांगने पर आरोपी ने अपनी जेब से देसी कट्टा निकाला और अचानक गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली सेल्समैन के कंधे को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई। गोली लगने से घायल हुए कर्मचारी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया।
और पढ़ें: ममता बनर्जी को बड़ा झटका! करीबी नेता अनुब्रत मंडल के बागी गुट में जाने की अटकलें तेज
फायरिंग की घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कठूमर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें: ओडिशा में थार से बांधकर एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात