ऑस्ट्रेलिया में एच5 बर्ड फ्लू से पहली बार देशी समुद्री पक्षियों की सामूहिक मौत, सरकार ने जताई चिंता
ऑस्ट्रेलिया में एच5 बर्ड फ्लू से पहली बार देशी समुद्री पक्षियों की सामूहिक मौत हुई है। सरकार ने संक्रमण बढ़ने की आशंका जताते हुए निगरानी और जैव सुरक्षा उपाय तेज कर दिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया में पहली बार एच5 बर्ड फ्लू के कारण देशी समुद्री पक्षियों की बड़े पैमाने पर मौत का मामला सामने आया है। संघीय सरकार ने सोमवार को इसकी पुष्टि करते हुए इसे वन्यजीवों के लिए गंभीर और चिंताजनक स्थिति बताया। यह घटना दक्षिण ऑस्ट्रेलिया राज्य के केप जाफा कस्बे के निकट दर्ज की गई, जहां बड़ी संख्या में देशी समुद्री पक्षी बीमार पाए गए और उनकी मौत हो गई।
ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय विज्ञान एजेंसी द्वारा किए गए प्रयोगशाला परीक्षणों में मृत और बीमार पक्षियों में एच5 वायरस की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और जैव सुरक्षा उपायों को और सख्त कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण के प्रसार को रोकने और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
ऑस्ट्रेलिया की कृषि मंत्री जूली कॉलिन्स ने कैनबरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि यह देश में एच5 बर्ड फ्लू से जुड़ी पहली पुष्टि की गई सामूहिक मृत्यु की घटना है और यह बेहद चिंताजनक घटनाक्रम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संक्रमण के और अधिक फैलने तथा बड़ी संख्या में वन्यजीवों के प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
मंत्री ने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें बीमार या मृत पक्षी दिखाई दें तो वे उनसे दूरी बनाए रखें और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। उन्होंने कहा कि सरकार वैज्ञानिक एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर संक्रमण की निगरानी और नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया में एच5 बर्ड फ्लू का पहला मामला जून महीने में सामने आया था। तब से अब तक इस घातक वायरस के 74 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका असर वन्यजीवों के साथ-साथ पोल्ट्री उद्योग और पर्यावरण पर भी पड़ सकता है।
और पढ़ें: मिस्र में 5.5 तीव्रता का भूकंप, राजधानी काहिरा तक महसूस हुए झटके