अमृता कुमारी हत्याकांड: बीडीओ की कथित प्रेमिका महिला दरोगा गिरफ्तार, अवैध संबंधों के आरोपों की जांच तेज
मुजफ्फरपुर के अमृता कुमारी हत्याकांड में पुलिस ने बीडीओ मनोज कुमार की कथित प्रेमिका महिला दरोगा अनु कुमारी को गिरफ्तार किया है। मामले में अवैध संबंधों और दहेज हत्या की जांच जारी है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में चर्चित अमृता कुमारी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीडीओ मनोज कुमार की कथित प्रेमिका महिला दरोगा अनु कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला सब इंस्पेक्टर को सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया।
यह मामला मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के बीडीओ मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। अमृता के मायके वालों ने इसे दहेज हत्या और अवैध संबंधों से जुड़ा मामला बताया था।
पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजनों की ओर से दर्ज प्राथमिकी में महिला दरोगा अनु कुमारी को भी आरोपी बनाया गया था। आरोप है कि बीडीओ मनोज कुमार और अनु कुमारी के बीच प्रेम संबंध थे। पुलिस अब इस संबंध में मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
और पढ़ें: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के मिलर हाई स्कूल का दौरा किया, छात्रों से की बातचीत
3 जुलाई को हुई थी अमृता की मौत
अमृता कुमारी की मौत 3 जुलाई को संदिग्ध हालात में हुई थी। बीडीओ मनोज कुमार ने इसे आत्महत्या बताया था, जबकि मृतका के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही अमृता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
अमृता के भाई राजकुमार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद ससुराल पक्ष की ओर से 10 लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि बीडीओ के महिला दरोगा के साथ संबंध थे और इसी वजह से उनकी बहन की हत्या की गई।
डिजिटल सबूतों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार महिला दरोगा से लगातार पूछताछ की जा रही है। उसके मोबाइल फोन की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जाएगी। जांच में कॉल रिकॉर्ड, संदेश और अन्य डिजिटल जानकारी जुटाई जा रही है।
इस मामले में मुख्य आरोपी बीडीओ मनोज कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, पुलिस ससुराल पक्ष के अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें: मोतिहारी सड़क हादसा: पिकअप–टेंपो भिड़ंत में 4 की दर्दनाक मौत