×
 

फिरोजाबाद में डेढ़ साल के मासूम की हत्या करने वाले चाचा को फांसी की सजा, 41 दिन में आया फैसला

फिरोजाबाद में डेढ़ साल के आरव की बेरहमी से हत्या करने वाले रिश्ते के चाचा विराज पाठक को फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 41 दिन में फांसी की सजा सुनाई।

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी को अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है। शिकोहाबाद में हुए इस जघन्य हत्याकांड में रिश्ते के चाचा विराज पाठक को फास्ट ट्रैक कोर्ट ने दोषी करार देते हुए मृत्युदंड की सजा दी। घटना के महज 41 दिन बाद अदालत का फैसला आया।

मामला 30 मई का है, जब सिरसागंज तहसील के बामई गांव निवासी रति के डेढ़ साल के बेटे आरव की शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में जमीन पर पटक-पटक कर हत्या कर दी गई थी। 

पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्या के सिर्फ छह दिन के भीतर अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। इसके बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई शुरू हुई। बच्चे की मां ने आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की थी।

और पढ़ें: वैश्विक वायु शक्ति में भारत तीसरे स्थान पर, चीन की PLAAF से पांचवीं बार आगे रही भारतीय वायुसेना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विराज पाठक, जो बदायूं के शेखुपुरा का रहने वाला था, रति से एकतरफा प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। वह रति के बेटे आरव को अपनी राह में बाधा मानता था। इसी वजह से उसने बच्चे की हत्या की साजिश रची।

घटना वाले दिन विराज टॉफी दिलाने के बहाने आरव को अपने साथ ले गया और कथित तौर पर उसे कई बार जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार को जब घटना की जानकारी मिली, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि विराज मैनपुरी रोड स्थित बुड्ढा भरथरा चौराहे के पास छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की तो आरोपी ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और दो खाली खोखे बरामद किए थे। अदालत ने मामले के सभी तथ्यों और सबूतों को देखते हुए आरोपी को फांसी की सजा सुनाई।

और पढ़ें: मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर 17 जुलाई तक 30 ट्रेनें रद्द, भूस्खलन से प्रभावित हुआ यातायात

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share