×
 

पेरिस के पास फ्रांस का पहला प्रमुख हिंदू मंदिर सितंबर में होगा उद्घाटित

पेरिस के निकट बुसी-सेंट-जॉर्जेस में फ्रांस का पहला प्रमुख बीएपीएस हिंदू मंदिर सितंबर 2026 में खुलेगा। 13 दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव में विश्वभर के श्रद्धालु शामिल होंगे।

फ्रांस में जल्द ही पहला प्रमुख हिंदू मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुलने जा रहा है। पेरिस के निकट बुसी-सेंट-जॉर्जेस में निर्मित बीएपीएस स्वामीनारायण हिंदू मंदिर का उद्घाटन सितंबर में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर को 2 से 14 सितंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले 13 दिवसीय ‘फेस्टिवल ऑफ कल्चर’ के रूप में मनाया जाएगा।

बीएपीएस के आध्यात्मिक प्रमुख महंत स्वामी महाराज उद्घाटन समारोह और सांस्कृतिक उत्सव को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। इस आयोजन में फ्रांस के अलावा दुनिया के विभिन्न देशों से श्रद्धालुओं और शुभचिंतकों के शामिल होने की उम्मीद है। बीएपीएस के अनुसार, ‘फेस्टिवल ऑफ कल्चर’ की शुरुआत वैश्विक स्तर पर मार्च और अप्रैल में दुनिया भर में आयोजित सत्संग सभाओं के दौरान की गई थी।

इस अवसर पर कई वीडियो प्रस्तुतियां भी जारी की गईं, जिनमें बीएपीएस के ब्रिटेन और यूरोप प्रमुख योगविवेकदास स्वामी का विशेष संदेश शामिल था। इन प्रस्तुतियों में नए मंदिर के ऐतिहासिक महत्व और 13 दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव की रूपरेखा पर प्रकाश डाला गया।

और पढ़ें: 114 राफेल लड़ाकू विमान सौदे पर अगस्त मध्य तक फ्रांस देगा जवाब, भारतीय वायुसेना की ताकत होगी और मजबूत

फ्रांस में रहने वाले भारतीय प्रवासी समुदाय ने मंदिर के निर्माण और उद्घाटन को गर्व का विषय बताया है। उनका कहना है कि यह मंदिर भारत और फ्रांस के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करेगा। बीएपीएस से जुड़े भारतीय समुदाय के एक सदस्य के अनुसार, मंदिर के निर्माण में उपयोग किए गए पत्थर भारत से लाए गए हैं।

उद्घाटन से पहले स्वामियों और श्रद्धालुओं ने बीएपीएस पेरिस मंदिर के शिखरों और केंद्रीय गुंबद पर पवित्र ‘कलश’ और ‘ध्वज दंड पूजन’ किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शांति, सद्भाव और आसपास के क्षेत्रों सहित पूरे विश्व के लोगों के कल्याण की प्रार्थना की गई।

यह मंदिर फ्रांस के हृदय में भक्ति, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक सद्भाव का महत्वपूर्ण केंद्र बनने की उम्मीद है, जहां विभिन्न समुदायों के लोग एक साथ जुड़ सकेंगे।

और पढ़ें: फ्रांस के जंगलों में भीषण आग, 2.5 लाख से अधिक लोग घर छोड़ने को मजबूर; स्पेन में भी हालात गंभीर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share