×
 

गंगा एक्सप्रेसवे का हरिद्वार तक होगा विस्तार, 10,761 करोड़ रुपये की आएगी लागत

उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने गंगा एक्सप्रेसवे को मेरठ से हरिद्वार तक बढ़ाने को मंजूरी दी है। परियोजना से प्रयागराज-हरिद्वार सीधी कनेक्टिविटी, धार्मिक पर्यटन और रोजगार बढ़ेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार को मंजूरी दे दी गई। अब यह एक्सप्रेसवे मेरठ से हरिद्वार तक पहुंचेगा। करीब 10,761 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से प्रयागराज और हरिद्वार के बीच सीधी और तेज कनेक्टिविटी विकसित होगी।

प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को छह लेन का बनाया जाएगा। भविष्य में इसे आठ लेन तक विस्तृत करने का प्रावधान भी रखा जाएगा। उत्तर प्रदेश में इसका लगभग 100 किलोमीटर हिस्सा होगा, जबकि उत्तराखंड में करीब 30 किलोमीटर मार्ग विकसित किया जाएगा। उत्तराखंड वाले हिस्से के विकास की जिम्मेदारी भी उत्तर प्रदेश सरकार उठाएगी।

10,761 करोड़ रुपये की लागत

राज्य सरकार के अनुसार, परियोजना पर अनुमानित 10,761 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें केंद्र सरकार की किसी वित्तीय भागीदारी का प्रस्ताव नहीं है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने समेत अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी।

और पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे हादसे में 3 की मौत, मां को खोजकर मम्मी-मम्मी रोता रहा 2 साल का मासूम

बिजनौर और हरिद्वार की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

फिलहाल बिजनौर से हरिद्वार जाने के लिए मुख्य रूप से मेरठ-बिजनौर-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग-34 का इस्तेमाल किया जाता है। एक्सप्रेसवे के विस्तार से बिजनौर और हरिद्वार के बीच यात्रा अधिक तेज और सुविधाजनक होने की उम्मीद है। इससे बिजनौर की राजधानी लखनऊ से कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।

सरकार का मानना है कि बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में व्यापार, निवेश, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

प्रयागराज-हरिद्वार के बीच बनेगा तेज मार्ग

गंगा एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक पहुंचने से गंगा किनारे बसे दो प्रमुख कुंभ शहरों—प्रयागराज और हरिद्वार के बीच नियंत्रित-प्रवेश वाला तेज परिवहन मार्ग तैयार होगा। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा आसान होने के साथ धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

परियोजना के निर्माण और इसके आसपास बढ़ने वाली आर्थिक गतिविधियों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

और पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा फैसला, 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share