×
 

पंजाब का गुरप्रीत सिंह एफबीआई की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल, मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी

एफबीआई ने पंजाब के गुरप्रीत सिंह को मादक पदार्थ तस्करी और संगठित अपराध के आरोप में ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल किया है। उसके खिलाफ अमेरिकी अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ।

अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई ने पंजाब के गुरप्रीत सिंह को अपनी मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल कर लिया है। एजेंसी का आरोप है कि गुरप्रीत सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े एक नेटवर्क का हिस्सा है। 25 जून 2026 को अमेरिका के कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की जिला अदालत ने उसके खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।

एफबीआई के अनुसार, गुरप्रीत सिंह का संबंध कथित जग्गू भगवानपुरिया गैंग’ से है। एजेंसी का दावा है कि यह गिरोह एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन के रूप में काम करता रहा है और अमेरिका सहित कई देशों में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसी के मुताबिक, गिरोह की गतिविधियां अमेरिका के कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट समेत विभिन्न क्षेत्रों तक फैली हुई थीं।

एफबीआई ने आरोप लगाया है कि गुरप्रीत सिंह इस कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के जरिए ड्रग्स तस्करी, अवैध हथियारों की तस्करी की साजिश और संगठित अपराध (आरआईसीओ) से संबंधित गतिविधियों में शामिल था। उसके खिलाफ नियंत्रित मादक पदार्थों की आपूर्ति, वितरण की साजिश तथा ड्रग्स रखने और सप्लाई करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

और पढ़ें: एंटी पेपर लीक विधेयक पारित होने पर बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कहा- भारत की परीक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

एजेंसी ने बताया कि यह कार्रवाई ऑपरेशन हार्डबॉल’ के तहत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य अमेरिका, यूरोप और कनाडा में फैले जग्गू भगवानपुरिया गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करना और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी से जुड़े संगठित अपराध पर शिकंजा कसना है।

इससे पहले इसी सप्ताह एफबीआई ने एक अन्य भारतीय नागरिक अमृतपाल सिंह को भी अपने मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल किया था। एजेंसी ने आरोप लगाया कि वह उत्तरी अमेरिका में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है और उसका संबंध कथित रविंदर धांडा ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप से है, जिसका आधार कनाडा के वैंकूवर में बताया गया है।

एफबीआई के अनुसार, अमृतपाल सिंह के खिलाफ भी 23 जून 2026 को लॉस एंजिलिस की अमेरिकी जिला अदालत से संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। एजेंसी ने दोनों आरोपियों के संबंध में आम लोगों से जानकारी साझा करने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि ये सभी आरोप एफबीआई द्वारा लगाए गए हैं और इन मामलों में न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

और पढ़ें: पाकिस्तान के क्वेटा में कोयला खदान में भीषण विस्फोट, 32 मजदूरों की मौत, कई अब भी फंसे

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share