×
 

खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की भागीदारी पर ईरान ने जताया आभार, दोस्ती को बताया अटूट

ईरान ने अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की भागीदारी पर आभार जताते हुए इसे दोनों देशों की ऐतिहासिक मित्रता और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों का प्रतीक बताया।

भारत में ईरान के दूतावास ने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में भारत की भागीदारी पर गहरा आभार व्यक्त किया है। दूतावास ने कहा कि शोक के इस कठिन समय में भारत की उपस्थिति दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और मानवीय संबंधों की मजबूत मिसाल है।

ईरानी दूतावास ने भारत सरकार, आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल, राजनीतिक नेताओं, सांसदों, विद्वानों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न धार्मिक समुदायों के प्रतिनिधियों का विशेष रूप से धन्यवाद किया। दूतावास ने कहा कि तेहरान में आयोजित अंतिम संस्कार समारोह में भारतीय प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी केवल औपचारिक कूटनीतिक भागीदारी नहीं थी, बल्कि यह दोनों देशों के बीच आपसी सम्मान और गहरी मित्रता का प्रतीक भी थी।

बयान में कहा गया कि भारत के विभिन्न वर्गों की व्यापक भागीदारी ने यह दर्शाया कि दोनों देशों के रिश्ते केवल सरकारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के लोगों के बीच भी गहरे और ऐतिहासिक संबंध मौजूद हैं। दूतावास ने इसे राष्ट्रीय शोक की घड़ी में ईरानी जनता के प्रति भारत की सच्ची संवेदना और एकजुटता का प्रमाण बताया।

और पढ़ें: श्रीलंका की नेगोम्बो जेल में खूनी हिंसा, 25 की मौत और 100 से अधिक घायल; जानिए कैसे भड़का बवाल

ईरान ने कहा कि भारतीय जनता और नेतृत्व द्वारा दिखाया गया यह सम्मान हमेशा याद रखा जाएगा। दूतावास के अनुसार, यह सद्भावना भविष्य में भारत और ईरान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की ठोस नींव बनेगी।

अपने संदेश के अंत में ईरानी दूतावास ने एक बार फिर भारत सरकार, सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों और देशवासियों का आभार व्यक्त किया। दूतावास ने कहा कि अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के बाद जिस तरह भारत ने संवेदना व्यक्त करते हुए ईरान के साथ एकजुटता दिखाई, वह दोनों देशों की स्थायी मित्रता और पारस्परिक विश्वास का महत्वपूर्ण प्रतीक है।

और पढ़ें: पंजाब कांग्रेस में बढ़ी कलह, चरणजीत सिंह चन्नी गुट ने राजा वड़िंग के कार्यक्रमों से बनाई दूरी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share